By अभिनय आकाश | Apr 01, 2023
रणनीतिक संबंधों के विस्तार की ओर ले जाने वाले एक कदम के तहत, सऊदी अरब कैबिनेट ने आतंक और आतंकवाद के वित्तपोषण का मुकाबला करने के लिए सऊदी और भारतीय खुफिया एजेंसियों के बीच सहयोग को मंजूरी दी है। भारत की इंटेलीजें एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) और सऊदी के बीच एक ऐतिहासिक समझौता हुआ है। इस समझौते के बाद रॉ को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी मदद मिलेगी। इसे एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम करार दिया जा रहा है।
भारत-सऊदी रक्षा और सुरक्षा साझेदारी लगातार बढ़ रही है। पिछले साल, कई उच्च-स्तरीय द्विपक्षीय दौरे और बैठकें हुईं, जो फरवरी में रॉयल सऊदी लैंड फोर्स के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल फहद बिन अब्दुल्ला मोहम्मद अल-मुतायर द्वारा भारत की पहली आधिकारिक यात्रा के साथ शुरू हुई थी। रक्षा सहयोग पर भारतीय-सऊदी संयुक्त समिति की पांचवीं बैठक जुलाई में नई दिल्ली में हुई और सऊदी अरब भारत से रक्षा वस्तुओं को खरीदने का इच्छुक है। सऊदी गजट की तरफ से इस पूरे समझौते के बारे में आधिकारिक तौर पर जानकारी दी गई है। इस गजट के मुताबिक देश की कैबिनेट जिसकी अध्यक्षता किंग सलमान ने की थी, उसमें ही इस समझौते को मंजूरी मिली है। यह मीटिंग अल सलाम पैलेस में पिछले दिनों हुई थी।