By अभिनय आकाश | Dec 06, 2024
नौ महीने से अधिक समय से पंजाब-हरियाणा सीमाओं पर डेरा डाले हुए किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के लिए कानूनी गारंटी सहित कई मुद्दों पर अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार को संसद तक अपना विरोध मार्च फिर से शुरू करेंगे। शंभू और खनौरी बॉर्डर पर किसान 13 फरवरी से ही डटे हुए हैं। किसान नेता सुरजीत सिंह फूल, सतनाम सिंह पन्नू, सविंदर सिंह चौटाला, बलजिंदर सिंह चडियाला और मंजीत सिंह के नेतृत्व में 101 किसानों का एक समूह दोपहर 1 बजे शंभू बॉर्डर से दिल्ली की ओर मार्च शुरू करेगा. किसान नेता सरवन सिंह पंढेर शंभू सीमा पर रहेंगे और उन 101 किसानों में से नहीं हैं जो राष्ट्रीय राजधानी की ओर मार्च करेंगे।
उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन को खाप पंचायतों और व्यापारिक समुदाय के सदस्यों से समर्थन मिला है। किसान मुख्य रूप से फसलों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी की मांग कर रहे हैं और इससे पहले उन्होंने 13 फरवरी और 21 फरवरी को दिल्ली की ओर मार्च करने का प्रयास किया था।