By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 18, 2022
डेट्रॉयट (अमेरिका)। ‘टेस्ला’ कम्पनी के शेयरधारकों के एक समूह ने कम्पनी को निजी बनाने के बारे में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एलन मस्क के 2018 के कुछ ट्वीट को लेकर उन पर मुकदमा कर दिया है और संघीय न्यायाधीश से मस्क को मामले पर टिप्पणी करना बंद करने का आदेश देने का अनुरोध किया है। अदालती दस्तावेजों में टेक्सास स्थित कम्पनी के शेयरधारकों के वकीलों ने कहा कि मामले में एक न्यायाधीश ने फैसला सुनाया था कि टेस्ला को निजी बनाने के लिए ‘‘निधि सुरक्षित रखने’’ से जुड़े मस्क के ट्वीट झूठे थे और उनकी टिप्पणी 2018 के अदालती समझौते का भी उल्लंघन करती है।
वकीलों ने सैन फ्रांसिस्को में न्यायाधीश एडवर्ड एम. चेन से अनुरोध किया कि सुनवाई पूरी होने तक मस्क को इस मुद्दे पर आगे सार्वजनिक टिप्पणी करने से रोका जाए। इसके बाद, चेन ने मस्क के वकीलों से बुधवार तक मामले पर अपला रुख स्पष्ट करने को कहा। मुकदमा ऐसे समय में दायर किया गया है, जब ट्विटर को खरीदने की पेशकश को लेकर पिछले कुछ दिनों से मस्क एक बार फिर चर्चा में बने हैं। मस्क ने ट्विटर के प्रत्येक शेयर के लिए 54.20 डॉलर की पेशकश की है। कुल मिलाकर यह पेशकश 43 अरब डॉलर से अधिक की है।