By प्रेस विज्ञप्ति | Jul 07, 2026
पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समक्ष आज लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प सभागार में बिपार्ड, पटना को बिहार में तीसरा आई०एस०ओ० 9001 : 2015 प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। आई०एस०ओ० प्रमाणीकरण करने वाली संस्था के पदाधिकारी श्री तरूण स्वरूप ने बिपार्ड के महानिदेशक डॉ० बी० राजेन्दर को आईएसओ 9001 : 2015 प्रमाण-पत्र प्रदान किया। बिपार्ड, गया और सामान्य प्रशासन विभाग को आई०एस०ओ० प्रमाण-पत्र पहले प्रदान किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि बिपार्ड में वर्ष भर नियमित रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और 365 दिनों तक प्रशिक्षण की व्यवस्था संचालित रहती है। गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण से प्रशासनिक दक्षता बढ़ती है तथा सुशासन को और मजबूती मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को सुशासन, गुणवत्ता, पारदर्शिता, उतरदायित्व और उत्कृष्ट लोक सेवा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करेंगे। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बिपार्ड, गया और पटना में प्रशिक्षण क्षमता का और विस्तार किया जाय। नवीन तकनीकों, आधुनिक प्रबंधन पद्धतियों तथा प्रशासनिक नवाचारों को शामिल करते हुए संस्थान की कार्यक्षमता को निरंतर सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण अवसंरचना, संसाधनों, मानवबल तथा पाठ्यक्रमों को सुदृढ़ करने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना बनाकर प्रभावी ढंग से कार्य करते रहें ताकि दोनों संस्थान राज्य में क्षमता निर्माण एवं सुशासन के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में स्थापित हो सकें।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव सह बिपार्ड के महानिदेशक डॉ० बी० राजेन्दर, ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारीगण तथा आईएसओ प्रमाणीकरण करनेवाले संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित थे।