आम आदमी पार्टी ने नवजोत सिंह सिद्धू याद दिलाये कांग्रेस के चुनावी वायदे

By विजयेन्दर शर्मा | Aug 13, 2021

चंडीगढ। आम आदमी पार्टी ने आज पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पर हमला बोलते हुये उन्हें पिछले चुनावों में पार्टी की ओर से किये गये चुनावी वायदों को पूरा करने को कहा है। ताकि जनता अगले चुनावों से पहले जान सके कि उनके साथ कोई धोखा नहीं हो रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के साढ़े चार साल में न ड्रग्स माफिया जेल गए, न  बेअदबी का इंसाफ मिला, न माफिया राज खत्म हुआ और न ही कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान हुआ जोकि नवजोत सिद्धू खुद कहते हैं। उन्होंने नवजोत सिद्धू को चेतावनी दी कि घोषणा पत्र में लिखे 9 और कांग्रेस हाईकमान द्वारा दिए गए 18 प्वाइंट का खेल खेलकर पंजाब की जनता को बेवकूफ बनाने की कोशिश न करें। चड्ढा ने कहा कि अगर नवजोत सिद्धू ने अपने चुनावी वादों को पूरा नहीं किया तो पंजाब के लोग सीधे तौर पर समझेंगे कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ सिद्धू की लड़ाई सिर्फ सीट की लड़ाई थी न कि पंजाब के कल्याण और मुद्दों के लिए।

राघव चड्ढा ने नवजोत सिद्धू को संबोधित करते हुए  कहा  ‘सीट और सत्ता के लिए लंबी लड़ाई के बाद मिली जीत की बधाई, आप कांग्रेस पार्टी की अध्यक्षता चाहते थे, जो आपको मिली, हाईकमान आपके साथ है’ ‘आपको कांग्रेस के सभी विधायकों का समर्थन प्राप्त है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विश्वास आपके साथ है। अब आप कांग्रेस हैं और आप पंजाब सरकार भी हैं। इसलिए, 2017 में कांग्रेस के सभी 129 अधूरे चुनावी वादों को पूरा करना आपकी जिम्मेदारी है’।

राघव चड्ढा ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू को अब विपक्ष के नेता के रूप में काम करना बंद कर देना चाहिए क्योंकि सिद्धू न केवल सत्तारूढ़ कांग्रेस का हिस्सा हैं बल्कि अब वह अध्यक्ष भी हैं और पूरी राज्य सरकार उनके आधीन है। सत्ताधारी पार्टी के अध्यक्ष के रूप में, सिद्धू को अगले चुनाव से पहले अपने सभी वादों को पूरा करना होगा, क्योंकि कांग्रेस साढ़े चार साल में अपने चुनावी घोषणा पत्र में एक भी वादा पूरा नहीं कर पाई है।

राघव चड्ढा ने नवजोत सिंह सिद्धू को कहा कि वह फिर से यह कहकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश न करें कि प्रदेश में  दोबारा  कांग्रेस की सरकार बनेगी तो सभी वादे पूरे होंगे। चड्ढा ने कहा कि मौजूदा सरकार आपकी कांग्रेस सरकार ही है और आपके पास अपने वादों को पूरा करने के लिए केवल छह महीने हैं। चड्ढा ने नवजोत सिद्धू को याद दिलाया कि 2017 के चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने गुटका साहिब को हाथ में लेकर बड़े-बड़े वादे किए थे। सिद्धू उसी कांग्रेस पार्टी के स्टार प्रचारक थे और उन्होंने घर-घर जाकर कांग्रेस पार्टी के वादों को पहुंचाया था। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद वे कैबिनेट मंत्री भी थे, लेकिन दुर्भाग्य से कांग्रेस सरकार ने एक भी चुनावी वादा पूरा नहीं किया।

प्रमुख खबरें

Health Tips: Processed Food खाने से बढ़ता है Diabetes, BP और Heart Disease का खतरा

ECI का बड़ा U-टर्न, फॉर्म 6 से हटाया SIR का कॉलम, 2 चुनाव आयुक्तों ने इस पर सवाल उठाए थे

Kerala High Court ने नशे में गाड़ी चलाने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने का दिया सख्त निर्देश

Supriya Sule और मैं देश की चिंता कर लेंगे, आप स्वास्थ्य पर ध्यान दें, पवार को मोदी के फोन से मची राजनीतिक हलचल