By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 30, 2026
आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर बुधवार को भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (एसीबी) में शिकायत दर्ज कराई। ‘आप’ की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में आउटर रिंग रोड पर 23 करोड़ रुपये की सड़क मरम्मत परियोजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया है। इससे पहले, भारद्वाज ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि अगर तीन दिन पहले सड़क के निरीक्षण के दौरान एक आम नागरिक को थप्पड़ मारने के मामले में वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाती है, तो ‘आप’ अदालत का रुख करेगी।
उन्होंने कहा, “हमारे विधायक ने वर्मा के विभाग के अंदर भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया था। इसका स्वतंत्र ऑडिट किया जाना चाहिए। हम एसीबी कार्यालय में यह मांग उठाएंगे।” ‘आप’ नेता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पार्टी की महिला पार्षदों के साथ बदसलूकी की।
पुलिस ने मंगलवार को कहा था कि एक हेड कॉन्स्टेबल के साथ मारपीट करने और उसे कर्तव्यों के निर्वहन से रोकने के आरोप में भारद्वाज, तिलक नगर से ‘आप’ विधायक जरनैल सिंह और पार्टी के कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने पिछले हफ्ते सड़क के निरीक्षण के दौरान 22 साल के साहिब सिंह को थप्पड़ मारने को लेकर वर्मा के खिलाफ असंज्ञेय रिपोर्ट दर्ज की है।