‘आप’ ने भाजपा की ‘बुलडोजर राजनीति’ के खिलाफ दिल्ली में मार्च किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 25, 2022

नयी दिल्ली| आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘बुलडोजर राजनीति’ के खिलाफ रविवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर पैदल मार्च किया और लोगों से कहा कि वे भाजपा के ‘गुंडा राज और भ्रष्टाचार’ से ‘भयभीत न हों।’ ‘आप’ ने लोगों से यह भी कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और भाजपा शासित नगर निगमों को उनकी संपत्ति पर बुलडोजर नहीं चलाने देगी। ‘

‘आप’ के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इसे ‘‘भाजपा की बुलडोजर राजनीति का सच’’ बताया था और अपनी पार्टी के विधायकों से उन लोगों के साथ मजबूती से खड़े होने का आह्वान किया था, जिन्हें भाजपा के पार्षदों द्वारा ‘‘धमकाया या ब्लैकमेल किया जा रहा है।’’ ‘

आप’ की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, ‘‘आम आदमी पार्टी ने आज भाजपा की जबरन वसूली के खिलाफ दिल्ली के सभी 272 वार्डों में पदयात्रा निकाली। पार्टी ने पदयात्रा से इतर स्थानीय लोगों से बातचीत की।’’ ‘आप’ ने यह दावा किया कि लोग भाजपा की ‘‘गुंडागर्दी’’ से ‘‘नाराज’’ हैं और कहा कि वह जल्द ही दिल्ली के लोगों के साथ मिलकर भाजपा के ‘‘गुंडा राज और भ्रष्टाचार’’ के खिलाफ संघर्ष करेगी।

बुधवार को उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा चलाए गए अतिक्रमण रोधी अभियान के दौरान हिंसा प्रभावित जहांगीरपुरी में एक मस्जिद के पास कई कंक्रीट और अस्थायी ढांचे को ध्वस्त किए जाने के बाद से ‘आप’ और भाजपा के बीच राजनीतिक तनातनी तेज हो गई है। सांप्रदायिक हिंसा की चपेट में आने के चार दिन बाद ही एनडीएमसी द्वारा अभियान चलाया गया था। गोविंदपुरी में पैदल मार्च का नेतृत्व करते हुए कालकाजी की विधायक आतिशी ने लोगों को अपनी पार्टी के समर्थन का आश्वासन देते हुए कहा कि उन्हें भाजपा नेताओं से डरने की जरूरत नहीं है।

आतिशी ने कहा, ‘‘हम यहां भाजपा की गुंडागर्दी के खिलाफ एकत्र हुए हैं।भाजपा पूरी दिल्ली में बुलडोजर की राजनीति कर रही है। वे लोगों को धमकी दे रहे हैं कि अगर उन्होंने पैसे नहीं दिए तो उनके घरों और दुकानों पर बुलडोजर चला दिया जाएगा।’’ बाद में एक बयान में पार्टी ने कहा कि वह भाजपा की ‘बुलडोजर राजनीति’ के खिलाफ लड़ना जारी रखेगी और लोगों को ‘जबरन वसूली’ से बचाएगी।

‘आप’ ने दावा किया, ‘‘भाजपा शासित एमसीडी के उत्पीड़न और अत्याचार के कारण लोग गुस्से में हैं। अधिकांश लोगों ने कहा कि भाजपा उन्हें लगातार धमकी दे रही है, भुगतान करने या घर के ध्वस्तीकरण का सामना करने के लिए कह रही है।

प्रमुख खबरें

Harry Maguire का बड़ा बयान, बोले- Coach Amorim नहीं, Manchester United के खिलाड़ी थे जिम्मेदार

World Cup से बाहर होंगे Neymar? ब्राजील के कोच Carlo Ancelotti ने चयन पर स्थिति साफ की

Bernardo Silva नहीं लौटेंगे Benfica, कहा- अभी टॉप लीग में खेलना है; Barcelona की पैनी नजर

BCCI Home Season 2026-27: Australia और श्रीलंका से होगी टक्कर, 17 शहरों में गूंजेगा शोर