जेल में बंद AAP विधायक Laljit Bhullar ने 2027 Punjab Assembly Election न लड़ने का किया एलान

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026

जेल में बंद पंजाब के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक लालजीत सिंह भुल्लर के फेसबुक खाते पर मंगलवार को की गई एक पोस्ट में दावा किया गया कि वह आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। पट्टी विधानसभा क्षेत्र से विधायक भुल्लर फिलहाल पंजाब राज्य भंडारण निगम के एक अधिकारी की आत्महत्या के मामले में जेल में बंद हैं। ‘आप’ ने अभी तक पट्टी विधानसभा सीट से अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

भुल्लर के फेसबुक खाते से साझा की गई पोस्ट में दावा किया गया कि वह 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। पोस्ट में कहा गया, ‘‘आगामी चुनाव में पार्टी द्वारा मुझे फिर से उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर पट्टी विधानसभा क्षेत्र के भाइयों और बहनों ने जो भावनाएं व्यक्त की हैं, उनसे मैं अवगत हूं। हालांकि, मैंने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है।’’ पोस्ट में कहा गया, ‘‘मैं पट्टी विधानसभा क्षेत्र के सभी लोगों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

आपके प्यार, स्नेह और भावनाओं के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त करते हुए मैं सिर झुकाता हूं। मैं जीवन भर पट्टी विधानसभा क्षेत्र के लोगों का ऋणी रहूंगा। हर कदम पर मेरे साथ खड़े रहने और मेरा समर्थन करने वाले प्रत्येक भाई और बहन का मैं तहेदिल से शुक्रिया अदा करता हूं।’’ पंजाब राज्य भंडारण निगम के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा के अमृतसर में आत्महत्या करने के दो दिन बाद 23 मार्च को भुल्लर को गिरफ्तार किया गया था।

भुल्लर पर रंधावा को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। रंधावा ने एक वीडियो में भुल्लर पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। इसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर भुल्लर ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

अमृतसर पुलिस ने भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 351(3) (आपराधिक धमकी) और 3(5) (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज किया था। उस समय सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें पट्टी का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे रंधावा कथित तौर पर यह कहते सुने गए थे कि उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया है। वीडियो में उन्होंने भुल्लर पर उत्पीड़न करने का आरोप भी लगाया था।

रंधावा की पत्नी ने उस समय अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उनके पति पर भुल्लर के पिता को गोदाम का ठेका आवंटित करने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था और उन्हें एवं उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई थी।

प्रमुख खबरें

Aakash Chopra ने MI को दी सलाह, Trent Boult को रिलीज कर Hardik Pandya का Trade करें

CM Rekha Gupta ने Chhath Puja की समीक्षा की, 1400 Ghats तैयार करने की समय सीमा तय

Festive Season के बाद बेजान हुई त्वचा के लिए अपनाएं ये जरूरी Skin Care Tips

Ladakh में LAHDC Election टालने की मांग, Kargil में पूर्ण बंद से बाजार ठप