AAP नेता Saurabh Bharadwaj ने विधायिका और मंत्रिमंडल में महिलाओं के लिए मांगा 50 फीसदी आरक्षण

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026

आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने शनिवार को विधायिका और मंत्रिमंडल में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग करते हुए प्रस्तावित परिसीमन तथा चुनावी प्रतिनिधित्व पर उसके संभावित प्रभाव को लेकर चिंता जतायी। भारद्वाज ने नयी दिल्ली में प्रेसवार्ता में कहा कि महिलाएं देश की आबादी का लगभग आधा हिस्सा हैं और उन्हें निर्णय लेने वाली संस्थाओं में समान प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित आरक्षण 33 प्रतिशत तक ही क्यों सीमित रखा गया है और इसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया जाना चाहिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्रियों के पदों तथा मंत्रिस्तरीय भूमिकाओं सहित शीर्ष कार्यकारी पदों पर भी महिलाओं के समान प्रतिनिधित्व की मांग की। भारद्वाज ने कहा कि भाजपा शासित 22 राज्यों में से कम से कम 11 राज्यों में महिला मुख्यमंत्री होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को नेतृत्व के पदों पर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अधिक प्रयास करने चाहिए।

परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण के तरीके और राजनीतिक दलों के बीच सीट के वितरण पर इसके संभावित प्रभाव को लेकर चिंता व्यक्त की। भारद्वाज ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह तय की जानी चाहिए कि विभिन्न क्षेत्रों और उनके मतदाताओं का उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके। ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर बैठक की और प्रस्तावित परिसीमन तथा महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक का संयुक्त रूप से विरोध करने का निर्णय लिया।

निमंत्रण के बावजूद आप इस बैठक में शामिल नहीं हुई। उधर, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने शनिवार को आरोप लगाया कि परिसीमन प्रक्रिया से संघवाद और न्यायसंगत राजनीतिक प्रतिनिधित्व को नुकसान पहुंच सकता है। बेंगलुरू में जारी किये गये एक बयान में परमेश्वर ने सर्वदलीय बैठक बुलाए बिना या अंतर्राज्यीय परिषद के माध्यम से राज्यों से परामर्श किए बिना इतने बड़े संवैधानिक सुधार के साथ आगे बढ़ने के केंद्र के फैसले पर भी सवाल उठाया।

उन्होंने कहा, ‘‘इस कवायद के समय और कार्यप्रणाली से यह जायज़ चिंताएं पैदा होती हैं कि क्या भाजपा शासन और प्रदर्शन के माध्यम से नया जनादेश हासिल करने के बजाय भारत की चुनावी व्यवस्था में बदलाव करके चुनावी लाभ हासिल करना चाह रही है।’’

प्रमुख खबरें

Tirana में PM Edi Rama के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प

Bloomberg जांच में खुलासा, China में Nvidia Blackwell चिप्स से जुड़े Alice Huang के तार

Congress में सिर्फ गांधी परिवार मायने रखता है, आम लोग नहीं: Kangana Ranaut

2024 चुनाव पर भरोसा नहीं तो इस्तीफा दें Rahul Gandhi, Ravi Shankar Prasad की मांग