रामलीला में Cockroach का पुतला जलाने पर AAP नेता Saurabh Bharadwaj ने दर्ज कराई शिकायत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 21, 2026

(तस्वीरों सहित) नयी दिल्ली, 20 अक्टूबर आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को पीतमपुरा में रामलीला के आयोजकों के खिलाफ उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस आयुक्त से शिकायत की। उन्होंने कहा कि कॉकरोच का पुतला जलाए जाने से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। अपनी शिकायत में, भारद्वाज ने श्री केशव रामलीला कमेटी के आयोजकों, दिल्ली के मंत्री और कमेटी के सदस्य कपिल मिश्रा (जो इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भी थे) तथा अन्य आयोजकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

इस दौरान कॉकरोच का विशाल पुतला आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शनों के बाद कॉकरोच का पुतला जलाए जाने के कार्यक्रम ने ध्यान आकर्षित किया है। कार्यक्रम के आयोजकों ने कहा कि कॉकरोच का पुतला जलाने का उद्देश्य गंदगी और उससे जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

भारद्वाज ने अपनी शिकायत में कहा कि पारंपरिक पुतलों के साथ कॉकरोच का पुतला जलाने के आयोजकों के फैसले से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया मंचों से इससे संबंधित तस्वीरों, वीडियो और अन्य प्रचार सामग्री को हटाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि यदि प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई तो वह अदालत का रुख करेंगे।

आप पर निशाना साधते हुए मिश्रा ने कहा, ‘‘कॉकरोच का पुतला जलाया जा रहा है और इससे प्रभावित होने वाले लोग देश की राजनीति के दीमक हैं।’’ उन्होंने दावा किया कि विभिन्न समूह देश के खिलाफ साजिश रचने के लिए एकजुट हुए हैं और अंततः सच्चाई की जीत होगी।

प्रमुख खबरें

Parvinder Singh Jhota Murder Case: सीबीआई ने संभाली जांच, पंजाब में नशा विरोधी कार्यकर्ता की हत्या पर गरमाई राजनीति

Asian Para Games: प्रवीण कुमार ने हाई जंप में रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड

Asian Para Games: शीतल देवी और पायल नाग ने जीता कंपाउंड तीरंदाजी में रजत पदक

Mali के Menaka में Islamic State से जुड़े आतंकियों ने बरपाया कहर, 48 नागरिकों की हत्या