Oxford University निमंत्रण मामले में सौरव दास को रोके जाने पर कॉजपा प्रमुख Abhijeet Dipke का सरकार पर आरोप

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026

(फाइल फोटो के साथ) नागपुर, 26 नवंबर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि संगठन के सह-संयोजक सौरव दास को लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय जाने से इसलिए रोका गया, क्योंकि सरकार इस बात से ‘‘ईर्ष्या’’ करती है कि 27 वर्षीय युवक को इन प्रतिष्ठित संस्थानों में आमंत्रित किया गया था। दीपके ने नागपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ’ रैली से पहले दीक्षाभूमि का दौरा करने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें, दास और पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका को इन संस्थानों से निमंत्रण मिला था। इसके बाद तय किया गया था कि दास ब्रिटेन जाएंगे।

दीपके ने कहा, ‘‘हमने तय किया था कि आशुतोष और मैं पूरे महाराष्ट्र का दौरा करेंगे, क्योंकि राज्य में सूखे की स्थिति है और हम प्रभावित इलाकों में जाना चाहते थे। हमने तय किया था कि सौरव दास लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और ऑक्सफोर्ड जाएंगे। लेकिन जब वह हवाई अड्डे पहुंचे तो उन्हें रोक दिया गया।’’ दास ने बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया था।

उन्हें ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ब्रिटेन जाने से रोक दिया गया था। इस कार्यक्रम में उन्हें ‘‘कॉकरोच मूवमेंट’’ विषय पर बोलना था। बाद में विदेश मंत्रालय ने कहा कि संबंधित अधिकारियों से मिली जानकारी के आधार पर दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

इसमें उनके पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान को लेकर विसंगतियों पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। दीपके ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि कहीं न कहीं असुरक्षा की भावना है... हमारे देश में कोई ऐसा व्यक्ति है, जिसे लगता है कि पूरी दुनिया की यात्रा सिर्फ उसे ही करनी चाहिए। शायद उन्हें इस बात से थोड़ी जलन हुई कि 27 साल के एक युवक को ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से निमंत्रण मिला।’’ कॉजपा संस्थापक ने आरोप लगाया कि कुछ लोग इसलिए ईर्ष्या कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें कहीं से कोई निमंत्रण नहीं मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि शायद वे सोच रहे होंगे कि दास को इतनी अंतरराष्ट्रीय पहचान कैसे मिल रही है। दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन ने कॉजपा को मुख्यधारा में पहचान दिलाई और यह आंदोलन बाबासाहेब आंबेडकर और महात्मा गांधी के दिखाए रास्ते पर चलकर सफल हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन हमारे देश में कुछ बड़े आत्ममुग्ध लोग हैं, जिन्हें लगता है कि सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया उनके इर्द-गिर्द घूमनी चाहिए और विदेश यात्राएं भी सिर्फ उन्हें ही करनी चाहिए।’’ कॉजपा नेताओं पर दबाव बनाए जाने के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर दीपके ने कहा कि सरकार का रवैया उसके खिलाफ उठने वाली आवाजों को ‘‘कुचलने’’ के तरीके तलाशने जैसा है।

दीपके ने कहा कि सरकार इस तरह की कार्रवाई कर सकती है, लेकिन उसे यह नहीं भूलना चाहिए कि भले ही सत्ता उसके पास है, लेकिन देश को बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा दिया गया संविधान उनके साथ है। उन्होंने कहा, ‘‘संविधान हमारे साथ है। सत्ता आपकी हो सकती है, लेकिन संविधान हमारा है।

संविधान 140 करोड़ लोगों का है। जब भी सत्ता में बैठा कोई तानाशाह लोगों के अधिकार छीनने की कोशिश करेगा, तो डॉ. बाबासाहेब का यही संविधान उनकी रक्षा करेगा, ठीक उसी तरह जैसे इसने हमारी रक्षा की है।’’ दीपके ने आरोप लगाया कि तिरंगा लहराने के लिए आशुतोष रांका को आठ दिनों तक तिहाड़ जेल में रखा गया था। उन्होंने बताया कि उन्हें खुद भी एक दिन के लिए हिरासत में लिया गया था।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन आज बाबासाहेब के संविधान ने हमें बचाया है। इसलिए हर नागरिक के अधिकारों और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संविधान को बचाना बेहद जरूरी है। अगर संविधान नहीं रहेगा, तो भारत भी नहीं रहेगा।’’ दीपके ने यह भी बताया कि कॉजपा के नेता 27 नवंबर से विदर्भ और मराठवाड़ा के सूखाग्रस्त इलाकों में किसानों से मिलने जाएंगे।

प्रमुख खबरें

Generative AI मॉडल गैर-अंग्रेजी भाषाओं में खर्च कर रहे 180 गुना तक अधिक बिजली

IPL 2027 से पहले Punjab Kings में शामिल हुए Hardik Pandya, Mumbai Indians छोड़ी

सपा से सीट बंटवारे पर Imran Masood नाराज, बोले- Congress गठबंधन में साझेदार है नौकर नहीं

जेनसन हुआंग ने Nvidia में वापसी के साथ ही ले लिया दुनिया हिलाने वाला फैसला, इन 4 देशों को चिप की सप्लाई बंद