By अंकित सिंह | Mar 11, 2025
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आसिम आजमी के बयान पर महाराष्ट्र की राजनीति में विवाद जारी है। हाल ही में औरंगजेब को लेकर उनके बयान पर बवाल मचा था। वहीं, छत्रपति संभाजी महाराज की पुण्यतिथि पर अबू आसिम आजमी द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि दिए जाने के बाद मामला और गरमाता जा रहा है। आज यानी 11 मार्च को छत्रपति संभाजी महाराज की पुण्यतिथि है। इतिहास में दर्ज है कि आज ही के दिन मुगल शासक औरंगजेब ने उनकी हत्या करवा दी थी।
अबू आज़मी ने हाल ही में एक बयान में औरंगज़ेब को एक अच्छा शासक बताया था। उन्होंने कहा "गलत इतिहास दिखाया जा रहा है। औरंगज़ेब ने कई मंदिर बनवाए। वह क्रूर शासक नहीं था। जब उसके सेनापति ने बनारस में एक पंडित की बेटी के साथ दुर्व्यवहार करने की कोशिश की, तो औरंगज़ेब ने उस सेनापति को दो हाथियों के बीच बांधकर मार डाला। बाद में उन पंडितों ने औरंगज़ेब के लिए एक मस्जिद बनवाई और उसे भेंट की। वह एक अच्छा प्रशासक था और उसने जो किया वह सही था। अगर कोई और राजा होता, तो वह भी यही करता।" इसके अलावा उन्होंने यह भी दावा किया था कि औरंगज़ेब के शासन के दौरान भारत की जीडीपी 24% थी और देश को "सोने की चिड़िया" कहा जाता था।