By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 20, 2022
कोटा (राजस्थान), बारातियों को लेकर मध्य प्रदेश जा रही एक कार के रविवार को यहां चंबल नदी में गिर जाने से नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतकों में दूल्हा भी शामिल है। पुलिस अधीक्षक (शहर) केसर सिंह शेखावत ने बताया कि यह हादसा रविवार तड़के नयापुरा पुलिस थाना इलाके में उस समय हुआ, जब चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार पुल से नदी में गिर गई। उन्होंने बताया कि पुलिस को इस घटना के बारे में सुबह सात बजकर 50 मिनट पर सूचना मिली, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह में रखा गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना पर शोक व्यक्त किया है। गहलोत ने ट्वीट किया, कोटा में बारातियों की कार चंबल नदी में गिरने से दूल्हे सहित नौ लोगों की मौत होना बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने जिलाधिकारी से बात करके पूरी घटना की जानकारी ली है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति दें और दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें।