By अभिनय आकाश | Apr 05, 2023
तेलंगाना भाजपा के अध्यक्ष और सांसद बंदी संजय कुमार को पुलिस ने बुधवार की तड़के हिरासत में ले लिया, जिसके बाद उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि पुलिस ने हिरासत में लेने का कोई कारण नहीं बताया। करीमनगर निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सांसद संजय कुमार को पुलिस की एक टीम ने मंगलवार देर रात उनके आवास से उठाया। पार्टी राज्यभर में विरोध करने की योजना बना रही है। मामले की जानकारी देते हुए बीजेपी प्रदेश महासचिव प्रमेंद्र रेड्डी ने बताया कि पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष बंदी संजय को करीमनगर स्थित उनके आवास से अवैध रूप से गिरफ्तार किया है।
पेपर लीक केस क्या है?
बता दें कि तेलंगाना में सरकारी नौकरी के लिए हुई परीक्षा में पेपर लीक मामले में 5 मार्च को हुई परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। आयोग ने नोटिस जारी कर पेपर लीक रद्द करने की जानकारी दी थी। इसके अलावा जल्द ही नई तिथि की घोषणा के बारे में भी कहा था। तेलंगाना राज्य लोक सेवा आयोग ने पेपर लीक होने की वजह से विभिन्न इंजीनियरिंग विभागों में अस्सिटेंट इंजीनियर, नगर सहायक इंजीनियर, टेक्निकल ऑफिसर और जूनियर टेक्निकल अधिकारी पदों के लिए भर्ती परीक्षा कैंसिल की गई है। टीएसपीएससी ने आधिकारिक अधिसूचना में बताया कि परीक्षा आयोजित करने की नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।