By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026
अभिनेता शरद कपूर ने फिल्म जगत से एक बार फिर मदद की अपील करते हुए कहा है कि उन्हें ‘‘आर्थिक, नैतिक और मानसिक’’ रूप से मदद की जरूरत है तथा वह अवसाद से जूझ रहे हैं। ‘जोश’ फिल्म के अभिनेता की यह अपील उनके द्वारा जारी किये गए एक वीडियो के बाद आई है जिसमें उन्होंने फिल्मों, टेलीविजन और ओटीटी मंचों पर काम देने के लिए इसी तरह की गुहार लगाई थी। शरद कपूर की अब तक की आखिरी फिल्म 2019 की कैबरे रही, जिसमें उन्होंने प्रमुख भूमिका निभाई थी।
कपूर का अपने चार पालतू कुत्तों को विदाई देते और उन्हें कुछ समय के लिए पशु कल्याण केंद्र में भेजने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। शनिवार को साझा किए गए एक वीडियो में उनके साथ उनकी दोस्त और बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट की संस्थापक हेमा चौधरी भी नजर आईं। उन्होंने भी कपूर के लिए मदद की अपील की।
कपूर ने एनजीओ द्वारा साझा किए गए वीडियो में कहा, ‘‘मैं अवसाद में था, लेकिन अब मैं फिल्म जगत से अपील कर रहा हूं। मुझे आर्थिक, नैतिक और मानसिक रूप से मदद की जरूरत है।’’