अडाणी समूह की कंपनी मुंबई में बिजली वितरण के विस्तार को इच्छुक, लाइसेंस के लिये किया आवेदन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 27, 2022

अडाणी समूह की कंपनी ने देश के सबसे बड़े कंटेनर बंदरगाह जेएनपीटी समेत मुंबई के और क्षेत्रों में बिजली वितरण कारोबार के विस्तार के लिये लाइसेंस की मांग की है। शहर के विभिन्न अखबारों में शनिवार को छपे विज्ञापन में अडाणी इलेक्ट्रिसिटी नवी मुंबई (एईएनएम) ने कहा कि उसने सूचीबद्ध मूल कंपनी अडाणी ट्रांसमिशन के साथ मुंबई महानगर के कुछ क्षेत्रों में वितरण लाइसेंस को लेकर महाराष्ट्र विद्युत विनियामक आयोग (एमईआरसी) से संपर्क किया है।

कंपनी का लक्ष्य मुंबई के उपनगरों मुलुंड और भांडुप के अलावा ठाणे जिले, नवी मुंबई, पनवेल, खारघर, तलोजा और उरण में बिजली वितरित करने के लिए लाइसेंस प्राप्त करना है। फिलहाल इन क्षेत्रों में राज्य के स्वामित्व वाली महाडिस्कोम बिजली वितरण कर रही है। समूह की नवी मुंबई के पास स्थित देश के सबसे बड़े कंटेनर बंदरगाह जेएनपीटी को भी बिजली वितरित करने पर नजर है। विद्युत अधिनियम 2003 के तहत किसी कंपनी की तरफ से समानांतर यानी पहले से मौजूद कंपनियों के साथ बिजली वितरण को लेकर लाइसेंस के लिये यह पहला आवेदन है।

आवेदन को एमईआरसी ने शुक्रवार को स्वीकार कर लिया। उसके बाद सार्वजनिक नोटिस जारी किया गया है। अडाणी इलेक्ट्रिसिटी चार साल से अधिक समय से मुंबई में बिजली का वितरण कर रही है। इस क्षेत्र में कंपनी की प्रतिस्पर्धा टाटा पावर के साथ है। कंपनी ने संकट में फंसे अनिल अंबानी समूह की रिलायंस एनर्जी के 18,000 करोड़ रुपये से अधिक के अधिग्रहण के बाद क्षेत्र में कदम रखा था।

प्रमुख खबरें

Health Tips: नो शुगर चैलेंज, 30 दिन में पाएं ग्लोइंग स्किन और दुरुस्त सेहत, देखें चौंकाने वाले फायदे

बांग्लादेश में बड़ा राजनीतिक भूचाल! शेख हसीना की अवामी लीग पर लगा प्रतिबंध, अंतरिम सरकार का बड़ा ऐलान

बांग्लादेश में प्रेस की आजादी पर हमला, ग्लोबल टीवी को दफ्तर जलाने की धमकी, न्यूज हेड को हटाने का दबाव

Odisha: कंधमाल में सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन, टॉप कमांडर गणेश उइके समेत 5 माओवादी ढेर