Afghanistan के कुनार में स्कूल के पास विस्फोट, 7 लोगों की मौत और 90 घायल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026

अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांत कुनार में शनिवार को एक स्कूल में हुए विस्फोट में सात लोगों की मौत हो गई और 90 से अधिक घायल हो गए। प्रांत के संस्कृति एवं सूचना निदेशक ने बताया कि विस्फोट पास में स्थित विस्फोटक सामग्री के एक गोदाम में हुआ प्रतीत होता है। सामी उल हक बायन ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, प्रांतीय राजधानी असदाबाद के बाहरी इलाके में स्थित स्कूल में विस्फोट खनन कंपनियों के विस्फोटक सामग्री के गोदाम में लापरवाही के कारण हुआ।

उन्होंने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि घायलों में से 15 अब भी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बाकी को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। इससे पहले, कुनार प्रांतीय पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता फरीद देहकान ने बताया था कि असदाबाद के बाहरी इलाके में अंदर सेर क्षेत्र स्थित एक स्कूल में सुबह 10 बजे विस्फोट हुआ।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में घायल बच्चों को कारों से असदाबाद के एक अस्पताल के आपातकालीन विभाग में लाते हुए देखा गया। वहीं, स्कूल की इमारत की तस्वीरों में उसका एक हिस्सा ढहा हुआ दिखाई दिया। अफगानिस्तान में खनन एक प्रमुख उद्योग है।

यह देश लौह अयस्क, तांबा, सीसा, जस्ता, सोना, कोयला और कीमती पत्थरों सहित कई प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है। हालांकि, खनन कंपनियों में सुरक्षा मानकों की अक्सर अनदेखी की जाती है, जिसके कारण दुर्घटनाएं होती हैं। कुनार में रत्नों के खनन में तेजी आ रही है, विभिन्न कंपनियां कीमती पत्थरों का खनन कर रही हैं, जिन्हें बाद में नीलामी में बेचा जाता है।

इस साल अगस्त में अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक स्कूल परिसर पर हुए हथगोले के हमले में नौ से 14 साल की उम्र के 40 से अधिक बच्चे घायल हो गए थे।

प्रमुख खबरें

Shivraj Singh Chouhan ने किसानों से की प्राकृतिक खेती और गोपालन अपनाने की अपील

Congress नेता Sushil Kumar Shinde ने Delimitation का किया समर्थन, पर दे दी यह सलाह

Delimitation Bill दोबारा पेश करने पर केंद्र से सवाल, Abhishek Banerjee ने पूछा- क्या बदला

Apple और OpenAI के बीच Trade Secrets चुराने को लेकर कानूनी विवाद गहराया