By अभिनय आकाश | Jan 09, 2025
लेबनान की संसद में गुरुवार को एक बार फिर से राष्ट्रपति चुनने के लिए मतदान होगा। ये कदम दो साल से अधिक समय से चली आ रही रिक्तता को भर देगा। पूर्व राष्ट्रपति मिशेल औन के उत्तराधिकारी को चुनने के पिछले 12 प्रयास विफल रहे हैं। मिशेल औन का कार्यकाल अक्टूबर 2022 में समाप्त हो गया था। ऐसे संकेत हैं कि वोट से राज्य का प्रमुख सामने आ सकता है। प्रमुख उम्मीदवार लेबनानी सेना कमांडर जोसेफ औन हैं। उन्हें व्यापक रूप से संयुक्त राज्य अमेरिका और सऊदी अरब के पसंदीदा उम्मीदवार के रूप में देखा जाता है, जिनकी सहायता लेबनान को चाहिए होगी।
नए राष्ट्रपति के सामने पुनर्निर्माण के साथ ही इस्राइल और हिजबुल्ला के बीच शांति समझौते को लागू कराने की भी चुनौती रहेगी। लेबनान गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा है और हालात ये हैं कि लेबनान में लोगों को कुछ ही घंटे बिजली मिल रही है। लगातार लेबनान की मुद्रा नीचे जा रही है। लेबनान आईएमएफ से साल 2022 से ही बेलआउट पैकेज को लेकर बात कर रहा है। हालांकि अभी तक इस पर सहमति नहीं बन पाई है।