ममता पर ‘हमले’ के बाद तृणमूल कांग्रेस ने घोषणापत्र जारी करने का कार्यक्रम टाला

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 11, 2021

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कथित हमले के बाद तृणमूल कांग्रेस ने राज्य में आगामी चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी करने का कार्यक्रम टाल दिया है। पार्टी के नेताओं ने इस बारे में बताया। पार्टीअध्यक्ष बनर्जी द्वारा कालीघाट में अपने आवास पर बृहस्पतिवार दोपहर को घोषणापत्र जारी करने का कार्यक्रम था। तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया, ‘‘घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम को कुछ समय के लिए टाल दिया गया है। ममता बनर्जी के ठीक होने और घर वापस आने के बाद इसे जारी किया जाएगा। हमारा घोषणापत्र तैयार है, लेकिन मुख्यमंत्री की गैरमौजूदगी में इसे जारी करने का सवाल ही नहीं उठता।’’ ममता बनर्जी एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टरों ने बताया कि मुख्यमंत्री के बायें पैर के टखने तथा पांव की हड्डियों में गंभीर चोट आयी हैं और उनके दायें कंधे, हाथ तथा गले पर भी चोट लगी है और उनका उपचार चल रहा है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को आरोप लगाया कि नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान ‘‘चार-पांच लोगों’’ द्वारा कथित रूप से धक्का दिये जाने की वजह से उनको चोट लगी है। बनर्जी ने पांच मार्च को पार्टी के 291 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में 27 मार्च से मतदान शुरू होगा। मतगणना दो मई को होगी।

प्रमुख खबरें

IIT Indore अध्ययन: विरोध स्थलों की दूरी और पहुंच तय करती है लोकतांत्रिक प्रदर्शनों का असर

Jayant Chaudhary ने Delhi में जारी प्रदर्शनों पर उठाया सवाल, पुलिस सुरक्षा का किया बचाव

राजस्थान में कथित पुलिस ज्यादती के खिलाफ कॉजपा 10 दिन में करेगी बड़ा आंदोलन

MP Voter List: मतदाता बनने के लिए उमड़े युवा, Form 6 के मिले 4 लाख से अधिक आवेदन