गहलोत के बाद कमलनाथ ने PM को लिखा पत्र, कहा- कुछ समय से भारत की संघीय व्यवस्था पर किया जा रहा प्रहार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 24, 2020

भोपाल। पार्टी के बागी विधायकों के कारण अपनी सरकार बचाने में असमर्थ रहे मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिख कर उनसे वैश्विक पटल पर स्थापित देश के लोकतंत्र को बचाने की मांग की। दल-बदल के संदर्भ में कमलनाथ ने अपने इस पत्र में मोदी से कहा है कि दशकों के अथक प्रयास से हम सबने मिलकर भारत को विश्व का सबसे परिपक्व प्रजातंत्र बनाया है और संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के अनुसार हमारे संविधान का सबसे खूबसूरत पहलू इसका संघीय स्वरूप है। उन्होंने लिखा है, भारत की संघीय व्यवस्था के कारण ही सम्पूर्ण विश्व में हमारे प्रजातंत्र की एक विशेष पहचान है, लेकिन विगत कुछ समय से बाबा साहेब की भावनाओं को आहत करते हुए भारत के संघीय व्यवस्था पर निरंतर प्रहार किया जा रहा है। कमलनाथ ने कहा, ‘‘जिन राज्यों में :भाजपा नीत: केन्द्र सरकार से इतर, दूसरे दलों की सरकारें हैं, उन्हें अनैतिक तरीके के गिराया जा रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मध्य प्रदेश की निर्वाचित सरकार को :इस साल मार्च में: गिराया जाना भारत के प्रजातंत्रिक इतिहास के सबसे घृणित कृत्यों में से एक है। यह सोचकर दिल दहल जाता है कि जब एक ओर मानव समाज अपने अस्तित्व की लड़ाई कोरोना वायरस महामारी से लड़ रहा था, तब दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मध्य प्रदेश के तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री सहित 22 मंत्रियों और विधायकों को लेकर मध्य प्रदेश की सरकार गिराने के लिए बेंगलुरू चले गये और प्रदेश के नागरिकों को महामारी की आग में झोंक दिया।’’

प्रमुख खबरें

CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग: Abhijeet Deepke ने दिल्ली जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया

MP Deputy CM Jagdish Devda ने OSD को पद से हटाया, शराब ठेके में रिश्वत के आरोपों पर जांच का आदेश

Kerala cabinet: बुजुर्गों की देखभाल को कानूनी गारंटी देने वाले विधेयक को मिली मंजूरी

Delhi Police ने 2021 के मर्डर केस में भगोड़ा हरीश उर्फ पिलुआ पकड़ा