By अभिनय आकाश | Nov 07, 2024
भारत और कनाडा के रिश्ते लगातार तल्ख होते जा रहे हैं। अब भारत से खुन्नस की आड़ में ट्रूडो सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर की प्रेस कॉन्फ्रेंस दिखाने पर कनाडा ने ऑस्ट्रेलिया टुडे पर प्रतिबंध लगा दिया। कनाडा द्वारा प्रमुख आउटलेट ऑस्ट्रेलिया टुडे को ब्लॉक/बैन करने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हमें पता चला है कि कनाडा में एक महत्वपूर्ण प्रवासी आउटलेट के सोशल मीडिया हैंडल, पेज को ब्लॉक/बैन कर दिया गया है। यह इस विशेष हैंडल द्वारा पेनी वोंग के साथ विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर की प्रेस कॉन्फ्रेंस को प्रसारित करने के ठीक कुछ घंटों बाद हुआ। हमें आश्चर्य हुआ। यह हमें अजीब लगा।
कैनबरा में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंत्री जयशंकर ने कनाडा के ब्रैम्पटन में एक हिंदू मंदिर पर खालिस्तानियों द्वारा किए गए हमले का मुद्दा उठाया और कहा कि यह घटना दिखाती है कि कनाडा में चरमपंथी ताकतों को कैसे राजनीतिक जगह दी जा रही है> ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री की उपस्थिति में जयशंकर ने खालिस्तानियों के समर्थन पर कनाडाई सरकार की आलोचना करते हुए और भारत पर कनाडा में खालिस्तानियों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए निराधार आरोपों पर कई टिप्पणियाँ कीं।