By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 22, 2022
पणजी, तृणमूल कांग्रेस की गोवा इकाई के अध्यक्ष किरण कंडोलकर ने दावा किया है कि उनकी राजनीतिक सलाहकार कंपनी आई-पैक ने गत सप्ताह विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने के बाद, खुद को अलग कर लिया है। कंडोलकर ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से यह भी कहा कि वह पार्टी की गोवा इकाई का अध्यक्ष पद नहीं छोड़ रहे हैं बल्कि आईपैक के प्रमुख प्रशांत किशोर तथा उनकी टीम से निराश हैं। पिछले कुछ दिनों से तृणमूल कांग्रेस और इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आई-पैक) के बीच अनबन की अटकलें लगाई जा रही हैं। किशोर की कंपनी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस को सत्ता तक पहुंचाने में मदद की थी। तृणमूल ने महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी (एमजीपी) के साथ मिलकर गोवा विधानसभा का चुनाव लड़ा है। मतदान 14 फरवरी को हुआ और मतगणना 10 मार्च को की जाएगी।