आरजी कर मामले की बरसी से पहले बंगाल सरकार ने महिला सुरक्षा के लिए नियमों का मसौदा तैयार किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 31, 2025

पश्चिम बंगाल सरकार ने कामकाजी महिलाओं, खासकर रात की पाली में काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने के लिए नए नियमों का एक मसौदा तैयार किया है, जिसमें संस्थान में एक अनिवार्य शिकायत समिति का गठन और कार्यस्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना शामिल है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

ये मसौदा नियम सरकारी आरजी कर अस्पताल में ड्यूटी के दौरान प्रशिक्षु चिकित्सक से बलात्कार और हत्या की घटना का एक साल पूरा होने से पहले पेश किए गए हैं। अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, मसौदा नियमों में कुल 22 मुद्दों की पहचान की गई है।

इसमें कहा गया है कि रात्रि की पाली रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक होगी और कम से कम 10 महिलाएं, या कुल पाली में कार्यरत कर्मचारियों की एक-तिहाई संख्या, जो भी अधिक हो, एक साथ मौजूद होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि इसमें महिला कर्मचारियों के लिए विश्राम क्षेत्र और कैंटीन की व्यवस्था करने का भी प्रस्ताव है ताकि उन्हें कार्यालय परिसर से बाहर न जाना पड़े। अधिकारी कहा, कार्यालय के प्रवेश और निकास द्वारों के साथ-साथ गलियारों में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने होंगे।

अधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित नियमों में कार्यस्थल पर एक आंतरिक शिकायत समिति के गठन का भी प्रावधान है, जो यौन उत्पीड़न के मामलों को कतई बर्दाश्त न करने की नीति लागू करेगी।

समिति के सदस्यों को ऐसी शिकायतों के समाधान के लिए हर तीन महीने में बैठक करनी होगी। उन्होंने कहा कि मसौदे के अनुसार, ऐसा न करने पर कंपनी पर श्रम कानूनों के तहत जुर्माना लगाया जाएगा और कुछ मामलों में, उनकी परिचालन मंजूरी रद्द भी की जा सकती है।”

पिछले साल अगस्त में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक महिला चिकित्सक से बलात्कार और हत्या के बाद से, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दे रही हैं।

प्रमुख खबरें

Hindustan Zinc में Stake Sale की तैयारी, ₹80,000 करोड़ का Disinvestment Target पूरा करेगी सरकार

Womens Asia Cup से पहले Pakistan को बड़ा झटका, Najiha Alvi चोटिल होकर बाहर, Sadaf Shamas की हुई एंट्री

England Cricket में बड़ा बवाल, Nightclub के बाहर हथकड़ी में दिखे Brydon Carse टेस्ट मैच से बाहर

हरियाणा में Godrej Group का मेगा प्लान, 20,000 करोड़ के Investment से खुलेंगे 40,000 Jobs के नए द्वार