AI Shopping Agents से सस्ते सामान की होड़, आपूर्ति श्रृंखला में कामगारों पर बढ़ सकता है दबाव

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 21, 2026

(लिनायर शेरिडन, ओटागो विश्वविद्यालय) डुनेडिन (न्यूजीलैंड), 21 अक्टूबर (द कन्वरसेशन) मेटा का हाल ही में पेश किया गया एआई एजेंट ‘म्यूज’ कई तरह के काम करने में सक्षम होने का भरोसा देता है। यह ईमेल भेजने, छुट्टियां मनाने के लिए जरूरी बुकिंग कर सकता है, मुश्किल ऑनलाइन फॉर्म भर सकता है। लेकिन एक निजी खरीदारी सहायक के रूप में इसकी संभावनाओं को लेकर खासा ध्यान आकर्षित हो रहा है। यह सस्ते सौदों की तलाश करने और उपयोगकर्ता की मंजूरी के बिना खरीदारी करने में सक्षम है। उदाहरण के लिए, कोई व्यक्ति दौड़ने के लिए नए जूते खरीदना चाहता है। कुछ ही मिनट में एआई सहायक दर्जनों दुकानों की वेबसाइटों पर खोज कर सकता है और अलग-अलग ब्रांड की तुलना करके सबसे सस्ते और जरूरत के मुताबिक जूते ढूंढ सकता है। म्यूज अकेला ऐसा एआई एजेंट नहीं है। प्रौद्योगिकी क्षेत्र की बड़ी कंपनियों के बीच इन एजेंट को रोजमर्रा की खरीदारी का हिस्सा बनाने की होड़ लगी है। गूगल और ओपनएआई भी एआई आधारित शॉपिंग टूल विकसित कर रहे हैं। उपभोक्ताओं के लिए इन नए एआई एजेंट का फायदा साफ है। खरीदारी में कम समय लगेगा और बेहतर सौदे मिलने की संभावना होगी। वहीं, खुदरा कारोबारियों के लिए ये ऑनलाइन उत्पादों के प्रचार करने के तरीके को बदल सकते हैं। लेकिन इसका एक और महत्वपूर्ण पहलू है, जिस पर कम ध्यान दिया जा रहा है। इन उत्पादों को बनाने वाले कामगारों का क्या होगा? क्या उनकी स्थिति और भी खराब हो जाएगी?

क्या एआई की मदद से नैतिक खरीदारी करना आसान हो सकता है? -------------------------------------------------------------------------------- यह भी संभव है कि एआई शॉपिंग एजेंट उपभोक्ताओं को सोच-समझकर खरीदारी के फैसले लेने में मदद करें, लेकिन इसके लिए जरूरी है कि उन्हें उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया के बारे में विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध हो। इससे जुड़ी कुछ जानकारी पहले से ही जुटाई जा रही है। उदाहरण के लिए, ‘ओपन सप्लाई हब’ दुनियाभर में 25 लाख से अधिक उत्पादन स्थलों का ब्योरा देने वाला एक सार्वजनिक डेटाबेस संचालित करता है। इससे कारखानों और उनसे जुड़ी कंपनियों की पहचान करने में मदद मिलती है। कल्पना कीजिए कि कोई एआई शॉपिंग असिस्टेंट सबसे सस्ते जूते सुझाने के बजाय ऐसी जानकारी और स्वतंत्र रूप से सत्यापित श्रम मानकों के आधार पर ऐसे जूतों की तलाश करे, जिनका निर्माण श्रमिकों के लिए उचित कामकाजी परिस्थितियों में किया गया हो। लेकिन किसी उत्पाद के निर्माण स्थल की जानकारी होना और यह जानना कि वहां कामगारों के साथ कैसा व्यवहार किया गया, दो अलग-अलग बातें हैं। इसके लिए स्वतंत्र जांच, स्वयं कामगारों से मिली जानकारी और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी उपाय जरूरी हैं। आर्थिक सहयोग और विकास संगठन (ओईसीडी) ने कपड़ों और जूतों के उद्योगों में जिम्मेदारी से सामान की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पहले से दिशानिर्देश बनाए हैं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन के ‘बेटर वर्क’ कार्यक्रम ने दिखाया है कि कारखानों की कार्य परिस्थितियों में सुधार के प्रयास सफल हो सकते हैं। एआई उपभोक्ताओं के लिए इस जानकारी को खोजना और उसकी तुलना करना आसान बना सकता है। लेकिन वह उन नियमों, सामूहिक सौदेबाजी और जवाबदेही की जगह नहीं ले सकता, जो कामगारों की कार्य परिस्थितियों को वास्तव में बेहतर बनाने के लिए जरूरी हैं। किसी उत्पाद की वंशावली यानी उसकी उत्पत्ति और उससे जुड़े संबंधों का पता लगाने का मतलब है रोजमर्रा की खरीदारी के पीछे काम करने वाले लोगों और रोजगार संबंधों को पहचानना। एआई इन संबंधों को कितना स्पष्ट करता है या उन्हें और अधिक छिपा देता है, यह कुछ हद तक उपलब्ध जानकारी और इस बात पर निर्भर करेगा कि शॉपिंग एजेंटों को किन चीजों को प्राथमिकता देने के लिए तैयार किया गया है।

प्रमुख खबरें

Asian Para Games में Ravi Budigina ने जीता रजत, हिमांशु और रोहित को कांस्य

IPL में 3 हैट्रिक लेने वाले Amit Mishra बने Delhi Capitals के स्पिन बॉलिंग कोच

Delhi Court ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के आरोपी को दी जमानत

त्योहारी सीजन में बनाएं Sugar Free मखाना लड्डू और अखरोट बर्फी, दिल रहेगा स्वस्थ