By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 09, 2023
नयी दिल्ली। एयर इंडिया ने अपने पायलटों को संशोधित मुआवजा ढांचा स्वीकार करने के लिए और समय दिया है। एक सूत्र ने यह जानकारी दी। हालांकि, इस ढांचे का दो पायलट यूनियनों ने विरोध किया है। जिन पायलटों ने अभी तक नए अनुबंधों पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं, उन्हें अधिक वक्त देने का फैसला किया गया है। ऐसा एयर इंडिया द्वारा कई पायलटों के साथ उनकी चिंताओं पर चर्चा करने के बाद किया गया। सूत्र ने कहा कि एयरलाइन ने नए अनुबंधों पर हस्ताक्षर करने के लिए इस सप्ताह के अंत तक का समय दिया है। समय सीमा बढ़ाने पर एयर इंडिया की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई। इससे पहले नए अनुबंधों को स्वीकार करने की समय सीमा 30 अप्रैल को खत्म हो गई थी।