Airbnb का भारत में नया विस्तार प्लान, नए उभरते पर्यटन स्थलों पर होगा फोकस

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

वैश्विक आतिथ्य मंच एयरबीएनबी देश के बढ़ते घरेलू यात्रा बाजार का लाभ उठाने के लिए पारंपरिक पर्यटन स्थलों से आगे बढ़कर भारत में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करने की योजना बना रही है। इसके तहत कंपनी होमस्टे खंड को मजबूत करने और अधिक स्थानीय उद्यमियों को अपने मंच से जोड़ने पर ध्यान दे रही है। एयरबीएनबी इंडिया के कंट्री मैनेजर अमनप्रीत बजाज ने पीटीआई-भाषा को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि कंपनी की भारत में वृद्धि रणनीति गुणवत्तापूर्ण आवास बढ़ाने, अधिक समुदायों को पर्यटन में भागीदार बनाने और ठहरने की सुविधा से आगे बढ़कर अनुभवों तथा सेवाओं के जरिये अपनी पेशकश में विविधता लाने पर केंद्रित होगी।

बजाज ने कहा, हम पारंपरिक अवकाश बाजारों तथा महानगरों के साथ-साथ आध्यात्मिक गलियारों और प्रकृति से जुड़े स्थानों जैसे उभरते गंतव्यों में भी गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति का विस्तार जारी रखेंगे। हम चाहते हैं कि यात्रियों के पास अधिक विकल्प हों और स्थानीय समुदायों को पर्यटन से लाभ मिले। उन्होंने बताया कि भारत वैश्विक स्तर पर एयरबीएनबी के सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में से एक है, जिसमें घरेलू यात्रा वृद्धि का एक बड़ा आधार बनकर उभरी है।

वर्ष 2026 की पहली छमाही में भारतीय मेहमानों द्वारा की गई 85 प्रतिशत से अधिक बुकिंग घरेलू थीं, जबकि इस दौरान पहली बार बुकिंग करने वाले लगभग 70 प्रतिशत लोग जेन जी (युवा पीढ़ी) से थे। बजाज ने कहा, हमारी मौजूदगी पूरे भारत में है और यात्रा का नक्शा लगातार बड़ा हो रहा है, क्योंकि यात्री प्रकृति, संस्कृति, विरासत और स्थानीय अनुभवों के लिए पारंपरिक पर्यटन केंद्रों से आगे बढ़कर विकल्प देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पर्वतीय स्थलों के साथ ही कांगड़ा, पूर्वी खासी हिल्स और श्रीनगर जैसे स्थान लोगों का ध्यान खींच रहे हैं, जबकि वाराणसी और अमृतसर प्रमुख सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पर्यटन स्थलों के रूप में उभर रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Ekta Kapoor के सुपरनेचुरल शो Naagin 8 में नजर नहीं आएंगी यह एक्ट्रेस! मेकर्स ढूंढ रहें नागिन

Delhi में 7 दिनों से खराब हवा, अगले 6 दिन बढ़ सकती है परेशानी; बच्चों और बुजुर्गों को सावधान रहने की सलाह

Mahindra Last Mile Mobility लाएगी IPO, 18 महीने में लिस्टिंग की तैयारी

Kochi Arson Case: NIA को मिली आरोपी की कस्टडी, कोर्ट ने जारी किया प्रोडक्शन वारंट