By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 20, 2026
भारती एयरटेल ने जनवरी में 44.06 लाख नए मोबाइल ग्राहक जोड़कर साल के पहले महीने में बड़ी बढ़त हासिल की है। वहीं, दूरसंचार नियामक ट्राई द्वारा बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, रिलायंस जियो के नेटवर्क से इस दौरान 24.37 लाख नए मोबाइल ग्राहक जुड़े। देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी जियो ने जनवरी में 24.37 लाख मोबाइल कनेक्शन जोड़े, जिससे उसके कुल वायरलेस ग्राहकों की संख्या बढ़कर 49.14 करोड़ हो गई। विशेष रूप से भारती एयरटेल ने इस महीने के दौरान अपनी बाजार स्थिति मजबूत की और 44.06 लाख नए वायरलेस ग्राहक जोड़े। इसके साथ ही जनवरी में एयरटेल का ग्राहक आधार बढ़कर 46.77 करोड़ पहुंच गया।
ब्रॉडबैंड खंड (वायर वाले और बिना वायर वाले) में भी रिलायंस जियो 51.75 करोड़ ग्राहकों के साथ शीर्ष पर है। इसके बाद एयरटेल (35.92 करोड़) और वोडाफोन आइडिया (12.89 करोड़) का स्थान है। बाजार हिस्सेदारी के मामले में जियो के पास 49 प्रतिशत से अधिक और एयरटेल के पास 34.13 प्रतिशत हिस्सा है। सरकारी कंपनी बीएसएनएल के ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या 2.96 करोड़ दर्ज की गई।