By अंकित सिंह | Nov 08, 2024
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा महाराष्ट्र में एक चुनावी रैली में अपना नारा "बटेंगे तो काटेंगे" दोहराने के एक दिन बाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख अजित पवार ने कहा कि राज्य के लोग ऐसी टिप्पणियों की सराहना नहीं करते हैं। इस कदम को महायुति की प्रमुख सहयोगी राकांपा द्वारा चुनाव अभियान में अपने नेताओं द्वारा इस्तेमाल किए गए नारे को लेकर भाजपा से दूरी बनाने के तौर पर देखा जा रहा है।
योगी ने पूर्वी महाराष्ट्र के वाशिम में एक अभियान रैली में यह बयान दिया था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को महाराष्ट्र के विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए)को ‘महा अनाड़ी’ करार दिया। उन्होंने एकता का संदेश देने के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज का हवाला दिया और लोगों को विभाजित रहने के खतरों के प्रति आगाह किया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं छत्रपति शिवाजी महाराज से प्रेरणा ले रहा हूं और आपसे अपील करता हूं कि आप बंटे नहीं क्योंकि जब भी हम बंटे, हम कटे हैं।’’