BJP सरकार में दीपोत्सव के बाद भी UP अंधेरे में, बेरोजगारी चरम पर: Akash Anand

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने विकास के दावों को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि रिकॉर्ड स्तर पर दीपोत्सव आयोजित किए जाने के बावजूद उत्तर प्रदेश का अधिकांश हिस्सा अब भी अंधेरे में है और राज्य की बड़ी आबादी बेरोजगार है। अयोध्या जिले के बीकापुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आनंद ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘सबका साथ-सबका विकास’ नारे पर तंज कसते हुए कहा कि दूसरी पार्टियां सिर्फ नारे लगाती हैं, जबकि बसपा ने इसे सच कर दिखाया है। आनंद ने कहा,‘‘लोग कहते हैं कि आजकल आकाश को बहुत गुस्सा आता है और वह गुस्से में भाषण देते हैं।

तो मैं अभी साफ कर दूं, आज मैं गुस्से में कुछ नहीं कहूंगा। अगर आपको गुस्सा आए, तो अपना हिसाब बराबर करने के लिए ‘हाथी’ के निशान वाला बटन दबाइए और यह सुनिश्चित कीजिए कि ‘बहनजी’ पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनें।’’ बसपा प्रमुख मायावती के भतीजे ने कहा कि उन्हें बहुजन आंदोलन से जुड़ने की प्रेरणा मायावती से ही मिली और वह वंचित वर्गों के उत्थान के मिशन को अपनी ‘‘आखिरी सांस’’ तक पूरा करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं खुद उनके नेतृत्व से प्रेरित होकर इस आंदोलन से जुड़ा हूं और मैं आपके सामने यह संकल्प लेता हूं कि अपनी आखिरी सांस तक इस मिशन की जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए प्रयास करता रहूंगा।’’ भाजपा पर अपना हमला तेज करते हुए आकाश आनंद ने कहा, ‘‘हम किसी सरकार से चांद-तारे नहीं मांग रहे हैं, हम बस तीन चीजें मांग रहे हैं-अच्छी शिक्षा, सभी के लिए सुरक्षा और हर हाथ को काम।’’ आनंद ने सरकार के विज्ञापनों और जमीनी हकीकत की तुलना करते हुए कहा, ‘‘मैं जहां भी जाता हूं, लोगों से पूछता हूं कि इन 10 सालों में आपको भाजपा से क्या मिला?

जवाब हमेशा एक ही मिलता है-हमें किसी असल काम के बारे में तो नहीं पता, लेकिन हमने विज्ञापनों की भरमार जरूर देखी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम गांवों, कस्बों और शहरों में रहते हैं। पिछले 10 सालों में भाजपा सरकार ने विज्ञापनों पर लगभग 7,000 करोड़ रुपये सिर्फ यह बताने के लिए खर्च किए कि ‘सब ठीक है’, ताकि वे अपनी कमियों को छिपा सकें।’’ अयोध्या में दीपोत्सव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हर साल यहां जलाए जाने वाले दीयों की संख्या का एक नया रिकॉर्ड बनता है। उन्होंने कहा कि दीये तो जरूर जलाए जाने चाहिए, लेकिन यह जरूर पूछा जाना चाहिए कि यह रोशनी असल में कितने घरों तक पहुंचती है?

उन्होंने कहा कि हर साल जहां दीयों की संख्या का रिकॉर्ड टूटता है, वहीं बेरोजगारी का रिकॉर्ड भी साल-दर-साल टूटता जा रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी की तुलना ‘गिरगिट’ से करते हुए कहा, ‘‘मैं अखिलेश यादव का बहुत सम्मान करता हूं, लेकिन सच कहूं तो मैं कभी समझ नहीं पाया कि वह वास्तव में करना क्या चाहते हैं।’’ आनंद ने आगरा में सपा के हालिया दलित महासम्मेलन पर भी निशाना साधा। आनंद ने कहा कि 2012 में जब लोकसभा में अनुसूचित जाति/जनजाति समुदाय के लिए पदोन्नति में आरक्षण का विधेयक पेश किया गया था, तो समाजवादी पार्टी के नेताओं ने ‘‘विधेयक की प्रति छीनकर फाड़ दी थी।

उन्होंने कहा, ‘‘फिर भी आज वही लोग संविधान की प्रति लेकर घूम रहे हैं। पहले उसे फाड़ा और अब उसे लहराकर हमारे रक्षक होने का दावा कर रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Flydubai पायलट पर हमले की जांच, NIA ने UAE से मांगी पूछताछ की इजाजत

Anurag Thakur का कांग्रेस पर हमला, सेना के अपमान पर जगत नेगी से माफी की मांग

उत्तराखंड में मां के अंतिम संस्कार के बाद PM Modi के कार्यक्रम में शामिल होंगे Yogi Adityanath

PM Modi पर टिप्पणी को लेकर BJP का Rahul Gandhi पर हमला