न्यूजीलैंड दौरे के लिए Akash Deep की टेस्ट टीम में वापसी तय, श्रेयस संभाल सकते हैं कमान

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 05, 2026

(कुशान सरकार) नयी दिल्ली, पांच अक्टूबर भारतीय चयनकर्ता न्यूजीलैंड के आगामी दौर के लिए भारत की तीन टीम का चयन करने की तैयारी कर रहे हैं जिसमें तेज गेंदबाज आकाश दीप की टेस्ट टीम में वापसी तय है। न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर से शुरू होने वाली टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला से आरंभ होगा। उनतीस वर्षीय आकाश पीठ की चोट के कारण सात महीनों से बाहर रहे हैं, उन्होंने ईरानी कप से घरेलू क्रिकेट में सफल वापसी की जिसमें उन्होंने दोनों पारियों में 24 ओवर में 68 रन देकर छह विकेट झटके।

प्रज्ञान ओझा की अगुआई वाली चार सदस्यीय समिति को भारत ए के न्यूजीलैंड के ‘शैडो टूर’ के लिए भी टीम का चयन करना है जिसमें वे 19 नवंबर से शुरू होने वाले दो डब्ल्यूटीसी मैचों की तैयारी के अंतर्गत तीन ‘अनौपचारक टेस्ट’ खेलेंगे। इनके बीच में पांच वनडे मैच भी हैं जो अगले साल के 50 ओवर के विश्व कप की तैयारियों का बड़ा हिस्सा हैं। चयन समिति के लिए टी20 टीम का चयन सबसे कम चिंता का विषय है क्योंकि एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम के अधिकांश सदस्य और वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज खेल रहे खिलाड़ी चुने जाएंगे।

मुश्किल चयन वनडे और टेस्ट टीम के होंगे क्योंकि आखिरी वनडे (15 नवंबर को तौरंगा में) और पहले टेस्ट (19 नवंबर, वेलिंगटन) के बीच केवल चार दिन का अंतर है। यात्रा के लिए एक दिन निर्धारित होने के कारण भारतीय टीम के पास टेस्ट से पहले अभ्यास के लिए लगभग तीन दिन होंगे और कम से कम 7-8 खिलाड़ी ऐसे हैं जो दोनों प्रारूपों में खेलेंगे। इनमें कप्तान शुभमन गिल, सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (वनडे में रिजर्व सलामी बल्लेबाज), विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल, तेज गेंदबाजी के अगुआ जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, नीतिश कुमार रेड्डी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।

प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार के भी चुने जाने की उम्मीद है लेकिन उनका चयन फिटनेस पर निर्भर करेगा। चूंकि भारत ए सीरीज के ‘टेस्ट’ (24 अक्टूबर से 10 नवंबर) पहले तीन वनडे (चार, सात और 10 नवंबर) के साथ ही पड़ेंगे इसलिए संभावना है कि इनमें से कुछ खिलाड़ी ‘ए’ टेस्ट में नहीं खेलें और 50 ओवर के मैचों में हिस्सा लें। हालांकि कुछ टेस्ट विशेषज्ञ और एक-प्रारूप वाले खिलाड़ी जैसे ऋषभ पंत (पहले विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (दूसरे विकेटकीपर), तीसरे नंबर के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल, रिजर्व सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन तीन ‘ए’ टेस्ट में से कम से कम एक में खेलेंगे ताकि लय में आ सकें।

इस बात की संभावना बनी हुई है कि कप्तान गिल और कुछ टेस्ट नियमित खिलाड़ी टेस्ट सीरीज की तैयारी शुरू करने के लिए आखिरी दो वनडे का हिस्सा नहीं होंगे। अगर गिल टेस्ट की तैयारी करने का फैसला करते हैं तो उप-कप्तान श्रेयस अय्यर टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे। टेस्ट टीम में 16 या 17 सदस्य हो सकते हैं क्योंकि एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज को शामिल करने की संभावना है।

बुमराह, सिराज, प्रसिद्ध, बरार, आकाश दीप फिलहाल दौड़ में हैं। अगर छठा तेज गेंदबाज जाता है तो यह औकीब नबी, मुकेश कुमार और अंशुल कंबोज में से किसी एक का चयन हो सकता है। किसी भी स्थिति में, तीनों भारत ए के लिए बुलावे की कतार में हैं।

बड़ी टीम का मतलब है कि जरूरत पड़ने पर टीम के पास तैयार विकल्प होंगे क्योंकि न्यूजीलैंड में विकल्प के तौर पर खिलाड़ियों को भेजना आसान नहीं है। बीसीसीआई ने इस दौरे के लिए 60 शीर्ष राष्ट्रीय क्रिकेटरों के वीजा तैयार किए हैं जिसमें टी20 अंतरराष्ट्रीय, वनडे, टेस्ट और भारत ए के तीन अनौपचारिक लाल गेंद के मैच को ध्यान में रखा गया है।

प्रमुख खबरें

Harish Rawat ने निकाली यात्रा, Congress ने व्यक्तिगत अभियानों पर दी कड़ी चेतावनी

ECLGS 5.0: FIA ने एयरलाइंस के लिए मंजूर कर्ज का बकाया जल्द जारी कराने की मांग की

PCB ने 2025 विवाद के चलते नहीं दी NOC, World Championship of Legends से हटा पाकिस्तान

Tata Sons की शेयर बाजार Listing पर विवाद, RBI नियमों के बीच Noel Tata कर रहे विरोध