By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026
भारतीय तेज गेंदबाज आकाशदीप के अच्छे प्रदर्शन के बावजूद न्यूजीलैंड टॉम ब्लंडेल की जुझारू पारी से दूसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन लंच तक यहां अपनी पहली पारी में आठ विकेट पर 330 रन बनाने में सफल रहा। अपना 50वां टेस्ट मैच खेल रहे ब्लंडेल (नाबाद 80 रन) ने एकाग्रता का शानदार नमूना पेश किया जबकि ग्लेन फिलिप्स (36) अपने कल के स्कोर में कोई रन नहीं जोड़ पाए। उनके आउट होने के बाद नाथन स्मिथ (26) और काइल जैमीसन (19) ने उपयोगी योगदान दिया।
आकाश (84 रन देकर चार विकेट) भारत के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने एक शानदार रिटर्न कैच से स्मिथ को आउट किया और फिर जैमीसन को शॉर्ट पिच गेंद पर डीप मिड-विकेट की ओर पुल करने के लिए उकसाया जहां यशस्वी जायसवाल ने डाइव लगाकर शानदार कैच लिया। हैगली ओवल की पिच में अभी भी काफी नमी है और इसे देखते हुए न्यूजीलैंड ने अच्छा स्कोर बना दिया है जिससे भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव रहेगा।
अंशुल कंबोज (79 रन देकर दो विकेट) ने फिलिप्स को आउट करके भारत को दिन की पहली सफलता दिलाई। उनकी ऑफ स्टंप से बाहर जा रही गेंद फिलिप्स के बल्ले का किनारा लेकर ऋषभ पंत के सुरक्षित दस्तानों में चली गई। अपने कल के स्कोर पर आउट होने वाले फिलिप्स ने पवेलियन लौटने से पहले अंपायर के फैसले का भी इंतजार नहीं किया।
स्मिथ ने आकर कुछ चौके जड़े, जबकि ब्लंडेल हमेशा की तरह दृढ़ थे। पहले घंटे के ड्रिंक्स ब्रेक के बाद ब्लंडेल ने कवर ड्राइव से चौका जड़ा जबकि स्मिथ ने खूबसूरत स्क्वायर ड्राइव लगाया।