अखिलेश बोले- बीजेपी के लालच में कहीं भी स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 04, 2022

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भाजपा की सत्तालोलुपता के कारण कहीं भी स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं है और आज हो रहे उपचुनाव में पुलिस प्रशासन सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं के रूप में काम कर रहा है। पार्टी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, यादव ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उनकी सत्तालोलुपता के चलते कहीं भी स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सम्भव नहीं है और पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से भाजपा कार्यकर्ता बनकर काम कर रहा है।

बयान में दावा किया गया है कि विधानसभा क्षेत्र 139 गोला गोकर्णनाथ के मतदान स्थल के बूथ प्रभारी पूर्व प्रधान जुबेर व हरिनगर के पूर्व प्रधान मेजर सिंह बिट्टू को पुलिस बेवजह पकड़ कर ले गई है। उसमें दावा किया गया है कि इसी क्षेत्र के ग्राम लालापुर, मदनपुर, लक्ष्मणजती के मतदान केन्द्र पर भाजपा समर्थकों ने कब्जा कर मुस्लिमों व समाजवादी पार्टी के मतदाताओं तथा बूथ प्रभारियों को वहां से भगा दिया है।

बयान में आरोप लगाया गया है कि उक्त विधानसभा क्षेत्र की बूथ संख्या 324, 325, 326 रामपुर के सम्बन्धित गांव के मतदाताओं पर पुलिस ने अनावश्यक लाठीचार्ज किया, जिससे मतदान बाधित हुआ। मतदाताओं के डरे होने का दावा करते हुए सपा ने अपने बयान में कहा है कि इसी क्षेत्र की बूथ संख्या 260-261-262 में बीएलओ ने मतदान करने के लिए पर्ची नहीं बांटी और आधारकार्ड तथा मतदाता पहचानपत्र दिखाने के बावजूद उन्हें वोट नहीं डालने दिया गया।

बयान के अनुसार, अखिलेश यादव ने कहा कि इसकी भी जांच हो कि अपनी गाड़ी में पैसों से भरे लिफाफे लेकर भाजपा विधायक क्यों घूमते रहे? यादव ने आरोप लगाया कि गोला गोकर्णनाथ विधानसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी को अभूतपूर्व जनसमर्थन मिलते दिखा तो भाजपा पहले ही अपनी हार मानकर बौखला गई और सपा कार्यकर्ताओं/नेताओं को जबरन उठाकर जेलों में बंद कर दिया गया है। गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए मतदान हुआ है।

प्रमुख खबरें

MP High Court ने रद्द किया 27 प्रतिशत OBC Reservation, 14 फीसदी कोटा फिर बहाल

CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग: Abhijeet Deepke ने दिल्ली जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया

MP Deputy CM Jagdish Devda ने OSD को पद से हटाया, शराब ठेके में रिश्वत के आरोपों पर जांच का आदेश

Kerala cabinet: बुजुर्गों की देखभाल को कानूनी गारंटी देने वाले विधेयक को मिली मंजूरी