भाजपा ने एक प्रधान को हटाकर प्रधानमंत्री को बचा लिया: लोकसभा में अखिलेश यादव का तंज

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 28, 2026

नयी दिल्ली, 28 जुलाई समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शिक्षा मंत्री के पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तंज कसते हुए कहा कि उसने प्रधान का त्यागपत्र लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बचा लिया। सदन में सपा के नेता ने लोकसभा में ‘लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026’ पर चर्चा में भाग लेते हुए भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि जो राम मंदिर में चढ़ावा चोरी नहीं रोक पाए, वो पेपर लीक भला कैसे रोक पाएंगे। यादव ने जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन का हवाला दिया और कहा कि ‘‘सरकार झुकती है, सिर्फ झुकाने वाला चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पूर्व शिक्षा मंत्री (प्रधान) जब लोकसभा में लौटे तो सदन के बाहर उनका स्वागत किया गया।

उन्होंने राम मंदिर कथित चढ़ावा चोरी मामले का उल्लेख करते हुए भाजपा पर कटाक्ष किया, ‘‘जो लोग चढ़ावा को चोरी होने से नहीं बचा पाए, वो पेपर लीक कैसे रोक पाएंगे।’’ उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य में पेपर लीक की कई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां से प्रधानमंत्री मोदी चुनकर आते हैं, वहां ऐसी स्थिति है। उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) में कर्मचारियों को ‘आउटसोर्स’ पर रखने का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘डर लगता है कि कहीं पूरी सरकार को आउटसोर्स न कर दिया जाए।’’ यादव ने कहा कि सरकार ने शिक्षा और शैक्षणिक संस्थाओं को एक रंग में रगने का प्रयास किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्राथमिक विद्यालयों को बंद कर रही है कि ताकि पिछड़े, दलित और गरीबों के बच्चे नहीं पढ़ पाएं।

उनका कहना था कि उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 26,386 प्राथमिक विद्यालय बंद किये गए हैं। यादव ने रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की कई इमारतों को ध्वस्त करनेसंबंधी प्रशासनिक आदेश का हवाला देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में स्वतंत्रता सेनानी मौलाना मोहम्मद अली जौहर के नाम पर विश्वविद्यालय बना था और उसे हथौड़ा लेकर तोड़ने की कोशिश की जा रही है। सपा सांसद ने सवाल किया कि भाजपा की नफरत की राजनीति देश को कहां तक ले जाएगी।

उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की मांगों को सुना जाना चाहिए।

प्रमुख खबरें

Jan Gan Man: लाठी से चलेगा लोकतंत्र? सुप्रीम कोर्ट के सवाल पर मोदी सरकार का जवाब कई संदेश दे गया

क्या वे आतंकवादी हैं? Priyanka Gandhi का PM Modi-Amit Shah से सवाल, छात्रों पर Pellet Gun क्यों?

Amazon Great Freedom Sale: iPhone और Gadgets पर बंपर Discount, जानें अगस्त मे कब से शुरू होगी सबसे बड़ी Shopping सेल!

आंध्र प्रदेश में पिछले एक महीने में कोविड-19 के दो मामले आए सामने, जेपी नड्डा ने राज्यसभा में दी जानकारी