By अभिनय आकाश | Oct 07, 2026
सर्बिया के पूर्व राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है और उसे वैश्विक मंच पर एक बड़ी ताकत बनाया है, फिर भी उन्हें कमजोर करने की कोशिशें की जा रही हैं। बुधवार को वुसिक के एक पॉडकास्ट का क्लिप वायरल हुआ, ठीक उसी समय जब पीएम मोदी सरकार के प्रमुख के तौर पर अपने 25 साल पूरे कर रहे थे। वुसिक, जिन्होंने पिछले महीने संसदीय चुनाव लड़ने के लिए सर्बिया के राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया था, ने नेताओं को कमजोर करने की वैश्विक प्रवृत्ति की ओर इशारा किया। पीएम मोदी का खास तौर पर जिक्र करते हुए वुसिक ने कहा कि उन्होंने भारत को एक बड़ी वैश्विक ताकत बनाया है और बहुत बड़े काम किए हैं।
वुसिक ने कहा कि आपके पास नरेंद्र मोदी जैसा नेता है। और अब उन्हें कमज़ोर करने की कोशिश की जा रही है। पीएम मोदी ने भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। वे महात्मा गांधी की सीख का पालन करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने आगे कहा उन्हीं की वजह से भारत दुनिया के मंच पर इतना अहम बन गया है। एक बड़ी ताकत बन गया है। उन्होंने बहुत शानदार काम किए हैं, फिर भी लोग यह कहकर उन्हें गिराने की कोशिश करते हैं कि वे नाकाम रहे या न जाने क्या-क्या। यह एक पैटर्न बन गया है। हालांकि, वुसिक ने इस बारे में विस्तार से नहीं बताया कि उन्हें गिराने की कोशिशों के पीछे कौन था या पीएम मोदी को कथित तौर पर कैसे कमजोर किया जा रहा था। बीजेपी ने सर्बिया के पूर्व राष्ट्रपति की बातों को तुरंत लपक लिया और उन्हें पीएम मोदी के नेतृत्व की तारीफ़ के तौर पर पेश किया। बीजेपी ने ट्वीट किया जब दुनिया के नेता हमारे प्रधानमंत्री के बारे में ऐसी बातें कहते हैं, तो सब कुछ साफ़ हो जाता है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ रहा है और दुनिया इस पर ध्यान दे रही है। बीजेपी नेताओं और प्रवक्ताओं ने भी इस बात को आगे बढ़ाया। पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता संजू वर्मा ने ट्वीट किया सर्बिया के राष्ट्रपति ने अस्थिरता पैदा करने और भारत के मतदाताओं द्वारा पीएम मोदी को दिए गए जनादेश को कमजोर करने की कोशिशों के बारे में बात की है।
इससे पहले दिन में वुसिक ने जिन्होंने पहले भी सर्बिया के साथ भारत के संबंधों और मोदी के नेतृत्व की खुलकर तारीफ की है। उन्होंने कहा बहुत कम लोग ही यह कह सकते हैं कि उन्होंने अपने देश की सेवा में पच्चीस साल (एक चौथाई सदी) समर्पित किए हैं - पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर और फिर प्रधानमंत्री के तौर पर। वुसिक ने आगे कहा मैं जानता हूं कि आप भारत और उसके भविष्य की कितनी गहराई से परवाह करते हैं, और दुनिया देख सकती है कि आपने भारत का मान कितना ऊंचा किया है। जून में सर्बिया के पूर्व राष्ट्रपति उन शुरुआती नेताओं में शामिल थे जिन्होंने मोदी को सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी थी।