Illinois में हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश का आरोपी Alexandros Paporakis गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 15, 2026

(योषिता सिंह) न्यूयॉर्क, 15 अक्टूबर अमेरिका के इलिनोइस राज्य के औरोरा क्षेत्र में एक हिंदू मंदिर पर ‘‘हमले’’ की साजिश रचने के आरोप में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया और अधिकारियों को उसके पास से एक पत्र मिला है, जिसमें श्वेत वर्चस्ववादी विचारधारा व्यक्त की गई है और ‘‘भारतीय मूल’’ के लोगों के खिलाफ हिंसा का उल्लेख है। पैलेटाइन निवासी एलेक्जेंड्रोस पापोरकिस को 11 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। पापोरकिस को बुधवार को रोलिंग मीडोज स्थित ‘कुक काउंटी थर्ड म्युनिसिपल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट’ में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उसे हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

पैलेटाइन पुलिस विभाग ने बताया कि 11 अक्टूबर को माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस विभाग ने उससे संपर्क किया था और भीड़ को निशाना बनाकर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका व्यक्त की थी। यह जानकारी एक ऐसे व्यक्ति से मिली थी, जिसने पापोरकिस से चिंताजनक संदेश मिलने की सूचना दी थी। जांचकर्ताओं के अनुसार, पापोरकिस ने भीड़ को निशाना बनाकर गोलीबारी की कथित साजिश का खाका प्रस्तुत करने वाला एक दस्तावेज साझा किया था।

पुलिस ने बुधवार को कहा, ‘‘जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर जासूसों का मानना है कि पापोरकिस रविवार यानी 11 अक्टूबर को हमले को अंजाम देने की साजिश रच रहा था और इसके तहत औरोरा क्षेत्र के किसी हिंदू मंदिर को निशाना बनाया जा सकता था। हालांकि, हमले का सटीक स्थान अभी स्पष्ट नहीं हुआ है और जांच जारी है।’’ पैलेटाइन और माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस विभागों के अधिकारियों ने तत्काल समन्वित कार्रवाई करते हुए 11 अक्टूबर की शाम को पापोरकिस को उसके घर से निकलते समय हिरासत में ले लिया। दोनों पुलिस विभागों ने औरोरा पुलिस को भी संभावित खतरे के बारे में सूचित किया।

इसके बाद औरोरा पुलिस ने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले हिंदू मंदिरों से संपर्क कर उन्हें हमले की कथित साजिश के प्रति सतर्क किया। ‘हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन’ ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘हम त्वरित कार्रवाई के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों की सराहना करते हैं। हम समुदाय के लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संभावित खतरे की सूचना देने का भी आग्रह करते हैं।

प्रत्येक समुदाय बिना किसी भय के पूजा-अर्चना करने का हकदार है।’’ पैलेटाइन पुलिस विभाग ने बताया कि वह संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के साथ मिलकर काम कर रहा है।

प्रमुख खबरें

Los Angeles Mayor Election: भारतीय-अमेरिकी Nithya Raman ने Karen Bass पर बनाई बढ़त

Stock Market Updates | कमजोर ग्लोबल संकेतों के बावजूद हरे निशान में खुला बाजार, सेंसेक्स 183 अंक चढ़ा, निफ्टी 22,700 के पास, TCS 2% से ज्यादा उछला

पंजाब चुनाव में Raja Warring निभाएंगे अहम भूमिका, Sachin Pilot ने बताया जुझारू नेता

S Jaishankar ने अबू धाबी में छोटे समूहों के सहयोग पर दिया जोर, वैश्विक सुधार जरूरी