Total Chess Tour: फ्रांस के Alireza Firouzja ने जीता खिताब, अर्जुन एरिगैसी 10वें स्थान पर

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026

(अपराजिता उपाध्याय) बुडापेस्ट, 21 नवंबर अर्जुन एरिगैसी ने टोटल शतरंज विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट में भारतीय खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 10वां स्थान हासिल किया, जबकि फ्रांस के अलीरेज़ा फ़िरोजा ने खिताब जीता। एरिगैसी ने नौवें स्थान के लिए प्रतिस्पर्धा करते हुए चार में से तीन ब्लिट्ज गेम और एक रैपिड गेम जीतकर 3-1 की बढ़त बना ली थी, लेकिन हाइक मार्टिरोस्यान ने सफेद मोहरों से फास्ट क्लासिक गेम जीतकर 11-9 से जीत दर्ज की। आर्मेनिया के ग्रैंडमास्टर ने गुरुवार को भी जीत हासिल की थी, जिससे वह नौवें स्थान पर रहे।

भारत के अन्य खिलाड़ियों में आर प्रज्ञाननंदा 21वें स्थान पर रहे, जबकि उनकी बहन आर वैशाली 24वें स्थान पर रहीं। प्रज्ञाननंदा ने अभिमन्यु मिश्रा के खिलाफ काले मोहरों से खेलते हुए फास्ट क्लासिक गेम जीता और 15-5 से जीत दर्ज करके 21वां स्थान हासिल किया। वैशाली का प्रदर्शन निराशाजनक रहा।

वह नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव के खिलाफ सभी सात मैच हार गई और अंतिम स्थान पर रही। उन्हें पिछले दिन भी उज़्बेकिस्तान के खिलाड़ी से 4-16 से हार का सामना करना पड़ा था। प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में फिरोजा पहले दिन अनीश गिरी से 11-9 से हार गए थे लेकिन उन्होंने दूसरे दिन 12-8 से जीत हासिल करके मैच को आर्मागेडन (टाईब्रेक) तक खींच दिया।

फाइनल में खेले गए चारों ब्लिट्ज गेम निर्णायक साबित हुए। गिरी ने सफेद मोहरों से पहला गेम जीता। इसके बाद फिरोजा ने लगातार दो गेम जीते लेकिन गिरी ने काले मोहरों से चौथा गेम जीतकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।

इसके बाद फिरोजा ने काले मोहरों से खेलते हुए पहला रैपिड गेम जीत लिया। दूसरा गेम ड्रॉ होने से उन्हें फास्ट क्लासिक मैच से पहले 8-4 की बढ़त मिल गई। गिरी को फास्ट क्लासिक में जीत की जरूरत थी, लेकिन मैच ड्रॉ रहा।

आर्मागेडन गेम भी 35 चाल के बाद ड्रॉ हो गया और फिरोजा ने काले मोहरों से खेलने के कारण खिताब अपने नाम कर दिया। इस तरह से गिरी को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। फैबियानो कारुआना ने मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।

मैग्नस कार्लसन ने एक बार फिर अपना फास्ट क्लासिक गेम छोड़ दिया। वह व्लादिस्लाव आर्टेमिएव के खिलाफ आर्मागेडन गेम जीतकर 17वें स्थान पर रहे।

प्रमुख खबरें

PM Modi बिहार को देंगे सौगात, 34,470 करोड़ की परियोजनाओं और Nitish Setu का उद्घाटन

डेटा लीक और सामूहिक इस्तीफों की खबरों पर Guidance Tamil Nadu का बड़ा पलटवार, कहा-कोई मास रेजिग्नेशन नहीं हुआ, अफवाहों पर न दें ध्यान!

Manipur Toxic Liquor Tragedy | जहरीली शराब का कहर! चंदेल में 48 घंटे के भीतर 15 लोगों की दर्दनाक मौत, 180 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती, सीएम ने दिए जांच के आदेश!

Punjab Police ASI Murder Case | असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर हत्याकांड का मुख्य शूटर हैप्पी बहमन ज़ीरकपुर मुठभेड़ में गिरफ्तार