By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 24, 2021
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के तेज फैलाव को देखते हुए इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने शनिवार को निर्देश दिया कि उसके और उसकी लखनऊ पीठ, सभी जनपद न्यायालयों आदि द्वारा पारित सभी अंतरिम आदेश 31 मई, 2021 तक के लिए बढ़े हुए माने जाएंगे। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजय यादव और न्यायमूर्ति प्रकाश पाडिया की पीठ ने पांच जनवरी, 2021 को निस्तारित एक जनहित याचिका को बहाल करते हुए यह आदेश पारित किया। पीठ ने निर्देश दिया, “इलाहाबाद उच्च न्यायालय और उसकी लखनऊ पीठ, सभी जनपद न्यायालयों, दीवानी अदालतें, पारिवारिक अदालतें, श्रम अदालतें, औद्योगिक अधिकरणों और अन्य अधिकरणों, अर्ध-न्यायिक फोरमों द्वारा पारित सभी अंतरिम आदेश 31 मई, 2021 तक बढ़े हुए माने जाएंगे।”