भाजपा के जितने भी ‘इंजन’ हैं, सब ‘ईंधन’ के जुगाड़ में लगे हुए : अखिलेश यादव

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 29, 2025

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को केंद्र और राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल के जितने भी ‘इंजन’ हैं, सब ‘ईंधन’ के जुगाड़ में लगे हुए हैं।

सपा मुख्यालय में पार्टी के फ्रंटल संगठन ‘व्यापार सभा’ के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की एक बैठक में शामिल होने के बाद यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “कहने को तो यह सरकार ‘डबल इंजन’ की है और भारतीय जनता पार्टी के लोग कभी यह कहते हुए थकते नहीं कि यह ‘डबल इंजन’ की सरकार है।”

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इनके काम करने का तरीका देखें तो सच्चाई सामने आ जाएगी और आज सरकार में हर इंजन ईंधन की जुगाड़ में लगा हुआ है। यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद सपा की सरकार बनने की उम्मीद जताते हुए कहा कि उनकी पार्टी की सरकार बनने के बाद व्यापारियों की सुरक्षा व सम्मान के लिए तथा उनके कारोबार को सहूलियत देने के लिए हर कदम उठाएंगी।

सपा प्रमुख ने माल एवं सेवा कर (जीएसटी) समेत कर प्रणाली को लेकर सत्तारूढ़ दल की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा ने समय-समय पर व्यापारियों को यह भरोसा दिलाया कि करों के सरलीकरण से व्यापार को लाभ पहुंचेगा, लेकिन सच्चाई यह है कि इन कानूनों ने व्यापारियों को उलझाया है और गलत नीतियों के चलते व्यापार संकट में आ गया है।

सपा प्रमुख ने मीडिया की खबर का हवाला देते हुए कहा कि पिछले एक साल में 35000 एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) कंपनियां देश में बंद हुई हैं। सपा मुख्यालय में दानवीर भामा शाह की स्मृति में आयोजित बैठक के बाद यादव ने व्यापारियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि भामा शाह अपने समय के न केवल दानी थे, बल्कि राष्ट्र हित में फैसला लेते थे।

उन्होंने कहा कि राणा प्रताप के साथ भामा शाह हर वक्त खड़े थे और हल्दीघाटी की लड़ाई में उनका साथ दिया था। इसके एक दिन पहले शनिवार को लखनऊ में दानवीर भामाशाह की जयंती व व्यापारी कल्याण दिवस पर आयोजित एक समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि उनकी सरकार व्यापारी और बेटी की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।

सपा मुख्यालय में भी भामा शाह की जयंती के दूसरे दिन उनकी स्मृति में आयोजित बैठक में सपा व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने अखिलेश यादव को व्यापारियों की ओर से सहयोग देने का भरोसा दिया।

प्रमुख खबरें

जमीन बेचकर बेटे को बनाया Cricketer, Bihar के Vaibhav Suryavanshi की Team India तक की संघर्ष गाथा

World Cup 2026 पर विवादों का साया, अब Lionel Messi की Private जानकारी लीक होने से मचा हड़कंप

Mohammed Siraj को क्यों दिया गया आराम, आंकड़ों ने बताई भारतीय टीम की बड़ी रणनीति

USA ने तोड़ा FIFA World Cup का सपना, घर लौटे Omar Artan का हुआ हीरो जैसा ग्रैंड वेलकम