By प्रेस विज्ञप्ति | Aug 14, 2026
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 12 अगस्त 2026 को आकाशवाणी के रंग भवन सभागार में विशेष कार्यक्रम ‘विजय यात्रा—तस्वीर भारत की’ का आयोजन किया गया। भारत के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम एवं राष्ट्र निर्माण की प्रेरक यात्रा को समर्पित यह कार्यक्रम आकाशवाणी और केंद्रीय संचार ब्यूरो, गीत एवं नाटक प्रभाग की संयुक्त प्रस्तुति थी।
इस समारोह में केंद्रीय संचार ब्यूरो के कलाकारों ने कई विशेष प्रस्तुतियां दीं-
‘अमन के हम रखवाले हैं’ समूह गीत, तिरंगे को समर्पित समूह गान, ‘हमारी शान, हमारी जान, एक वरदान, एक अभिमान’ जैसे देशभक्ति गीत की प्रस्तुतियों ने सभागार में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का जोश भर दिया।
कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति ध्वनि और प्रकाश पर आधारित थी। इसके माध्यम से त्रेता युग से लेकर आज के भारत तक की गौरवगाथा को अत्यंत प्रभावशाली और जीवंत रूप में दर्शाया गया। भारत की सांस्कृतिक विरासत, स्वतंत्रता संग्राम, वीरों के बलिदान और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को ध्वनि, प्रकाश, संगीत एवं दृश्य प्रस्तुतियों के सुंदर समन्वय से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आधुनिक भारत की विकास यात्रा की जीवंत तस्वीर में वीर सेनानी मंगल पांडे , झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के अभिनय को दर्शकों से खूब सराहना मिली।
खचाखच भरे रंगभवन सभागार में आकाशवाणी, दूरदर्शन और केन्द्रीय संचार ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, कलाकार एवं आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे। ध्वनि, प्रकाश, संगीत और प्रभावशाली प्रस्तुतियों के सुंदर समन्वय ने दर्शकों को भारत की गौरवशाली परंपरा से लेकर आधुनिक राष्ट्र निर्माण तक की प्रेरक यात्रा से भावनात्मक रूप से जोड़ा। कार्यक्रम अत्यंत रोचक और सराहनीय रहा।