Allahabad High Court का फैसला: गर्भावस्था सरकारी नौकरी से वंचित करने का आधार नहीं

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 31, 2026

इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने कहा है कि गर्भावस्था किसी महिला को सरकारी रोजगार से वंचित करने का आधार नहीं हो सकती। अदालत ने कहा कि किसी महिला को मातृत्व और रोजगार में से किसी एक को चुनने के लिए बाध्य करना उसके प्रजनन अधिकार और आजीविका के अधिकार, दोनों का उल्लंघन है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ का यह आदेश 22 जुलाई को पारित किया गया, जिसे बृहस्पतिवार को अपलोड किया गया।

खंडपीठ ने कहा, ‘‘राज्य और आयोग द्वारा गर्भावस्था के आधार पर अपीलकर्ता की पीईटी स्थगित करने से इनकार करना वस्तुतः एक महिला को संतान जन्म और रोजगार में से किसी एक को चुनने के लिए बाध्य करना है। इसकी अनुमति नहीं दी जा सकती, क्योंकि यह उसके प्रजनन के अधिकार और रोजगार के अधिकार, दोनों में हस्तक्षेप करता है।’’ कोमल जायसवाल ने वर्ष 2023 की वन रक्षक एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती के लिए आवेदन किया था। लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्हें फरवरी 2026 में आयोजित होने वाली पीईटी में शामिल होना था।

उस समय वह नौ माह की गर्भवती थीं। उन्होंने प्रसव के बाद 14 किलोमीटर की पैदल परीक्षा देने की अनुमति देने का अनुरोध किया था, लेकिन आयोग ने यह कहते हुए उनका आवेदन खारिज कर दिया कि भर्ती नियमों में पीईटी स्थगित करने का कोई प्रावधान नहीं है। अदालत ने कहा कि ‘‘किसी महिला की वैवाहिक स्थिति या गर्भावस्था को सरकारी रोजगार के लिए अयोग्यता का आधार नहीं माना जा सकता।’’ पीठ ने कहा कि चूंकि नियमों में पीईटी स्थगित करने पर स्पष्ट रोक नहीं है, इसलिए आयोग को ऐसी असाधारण परिस्थितियों में मानवीय और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाना चाहिए था।

अदालत ने यह भी कहा कि भर्ती विज्ञापन जारी होने और लिखित परीक्षा के बीच दो वर्ष से अधिक का समय बीत गया, जिसके दौरान विवाह और गर्भावस्था जैसी जीवन की स्वाभाविक घटनाएं होना सामान्य बात है। ऐसी परिस्थितियों के लिए किसी महिला को दंडित करना समानता और निष्पक्षता के सिद्धांतों के विपरीत होगा। उच्च न्यायालय ने निर्देश दिया कि यदि कोमल जायसवाल पीईटी, चिकित्सीय परीक्षण और मेरिट सूची में सफल होती हैं, तो उन्हें उसी तिथि से सभी परिणामी लाभों सहित नियुक्ति दी जाए, जिस तिथि को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) महिला श्रेणी में उनसे कम मेरिट वाले अभ्यर्थी को नियुक्त किया गया था।

पीठ ने यह भी निर्देश दिया कि इस पूरी प्रक्रिया के पूरा होने तक संबंधित श्रेणी का एक पद रिक्त रखा जाए।

प्रमुख खबरें

L Name Personality: प्यार में सबसे वफादार होते हैं L अक्षर वाले जातक, पार्टनर के लिए साबित होते हैं Best Partner

कर्नाटक: UT Khader ने Rahul Gandhi पर टिप्पणी के लिए भाजपा विधायक की आलोचना की

AIIMS Raebareli परिसर में मरीजों के तीमारदारों के लिए बनेगा रात्रि विश्राम गृह

Allahabad High Court का फैसला, प्रशासनिक देरी के आधार पर छूट नहीं मांग सकते सरकारी विभाग