By अनन्या मिश्रा | Oct 02, 2026
खानपान को ठीक रखने से कई तरह की बीमारियों से बचा जा सकता है। इसलिए हेल्थ एक्सपर्ट फलों और सब्जियों के जूस के नियमित सेवन को लाभकारी मानते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ऐसा ही एक एलोवेरा जूस है, जोकि कई तरह से फायदेमंद होता है। इसके इस्तेमाल से सेहत, स्किन और बालों से जुड़ी समस्या में काफी हद तक राहत पाई जा सकती है। एलोवेरा की पत्तियों से तैयार किए जाने वाले इस जूस में कई पोषक तत्व और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाने हैं।
इसे भी पढ़ें: पीरियड्स के बाद अचानक वजन कम क्यों हो जाता है? जानें क्या है वॉश इफेक्ट
एलोवेरा जूस का इस्तेमाल कब्ज जैसी समस्या को कम करने में किया जाता है।
एलोवेरा जूस के सेवन से पेट फूलने या पाचन संबंधी समस्या से भी राहत मिल सकती है। हालांकि पेट की हर समस्या के लिए एलोवेरा जूस को इलाज नहीं माना जा सकता है।
एलोवेरा में कुछ विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है। एंटीऑक्सीडेंट शरीर में बनने वाले फ्री रेडिकल्स से कोशिकाओं को होने वाले नुकसान को कम करता है। एलोवेरा में विटामिन सी पाया जाता है, जोकि शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली के सामान्य कामकाज के लिए जरूरी पोषक तत्व है। संतुलित डाइट के साथ ऐसे पोषक तत्व बॉडी को हेल्दी रखने में सहायता करते हैं।
एलोवेरा जूस स्किन के लिए लाभकारी होता है। इसके रोजाना सेवन से स्किन में निखार आता है और स्किन भी ग्लोइंग बनती है। एलोवेरा जूस स्किन की नमी को बनाए रखने में मदद करता है। इसके सेवन से एक्जिमा, मुंहासे और अन्य चर्म रोगों में राहत मिलती है। ड्राई स्किन हो या बालों की समस्या हो, एलोवेरा जूस सभी में फायदेमंद होता है। यह बालों की जड़ों को मजबूत करता है और बालों के विकास को बढ़ावा देता है। एलोवेरा जूस में पाए जाने वाले विटामिन और मिनरल्स हेयर फॉल्स को रोकने में मदद करता है।
हर व्यक्ति के लिए एलोवेरा जूस समान रूप से सेफ नहीं होता है। इसकी ज्यादा मात्रा लेने से पेट में ऐंठन, दस्त या अन्य पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। एलोवेरा के कुछ हिस्सों में ऐसे यौगिक पाए जाते हैं, जिनका ज्यादा सेवन करने से सेहत को नुकसान हो सकता है। इसलिए मार्केट में मिलने वाले एलोवेरा जूस के लेबल पर दिए गए निर्देश और मात्रा का पालन करें। प्रेग्नेंट महिलाओं, बच्चों, स्तनपान कराने वाली महिलाओं या किसी बीमारी की दवा लेने वाले लोगों को एलोवेरा जूस का सेवन शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।