अमरनाथ यात्रा: 6,400 तीर्थयात्रियों का जत्था जम्मू आधार शिविर से कश्मीर रवाना

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 04, 2025

दक्षिण कश्मीर हिमालय स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर जाने के लिए 6,400 से अधिक तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था शुक्रवार को दो अलग-अलग काफिलों में जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 4,723 पुरुषों, 1,071 महिलाओं, 37 बच्चों और 580 साधुओं एवं साध्वियों समेत 6,411 तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था 291 वाहनों में रवाना हुए। यह जत्था केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की सुरक्षा में भगवती नगर यात्री निवास से दो समूहों में बृहस्पतिवार देर रात सवा तीन बजे और शुक्रवार तड़के चार बजे बालटाल और पहलगाम रवाना हुआ।

जहां 138 वाहनों में सवार 3,622 तीर्थयात्रियों ने 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम मार्ग को चुना, वहीं 153 वाहनों में सवार 2,789 तीर्थयात्रियों ने छोटे लेकिन अधिक कठिन 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग को चुना। बुधवार से अब तक कुल 17,549 तीर्थयात्री जम्मू आधार शिविर से घाटी रवाना हुए हैं।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को यहां से यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत होने की घटना के बावजूद यात्रा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सामान्य रूप से जारी है।

भगवती नगर आधार शिविर को बहु-स्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है। अब तक साढ़े तीन लाख से अधिक लोगों ने तीर्थयात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। जम्मू में 34 आवास केंद्र बनाए गए हैं और तीर्थयात्रियों को ‘रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन’ ((रेडियो आवृत्ति पहचान या आरएफआईडी) टैग जारी किए जा रहे हैं। यात्रा करने के इच्छुक तीर्थयात्रियों के मौके पर पंजीकरण के लिए 12 काउंटर स्थापित किए गए हैं।

प्रमुख खबरें

Karnataka MLC Elections 2026 | कांग्रेस की प्रचंड जीत से BJP-JD(S) में खलबली, 11 सीक्रेट वोटों ने उड़ाई विपक्ष की नींद

Times Square Shooting Video | टाइम्स स्क्वायर में अंधाधुंध गोलीबारी से मची भारी भगदड़! जश्न के बीच चलीं गोलियां, 17 वर्षीय संदिग्ध गिरफ्तार

US-Israel Relations | टूटने की कगार पर ऐतिहासिक दोस्ती, ईरान शांति समझौते ने अमेरिका और इज़राइल के बीच पैदा की गहरी दरार

Delhi Mangolpuri Market Fire | दिल्ली के मंगोलपुरी में भीषण आग! फर्नीचर बाजार की 6 दुकानें और टेम्पो जलकर खाक