Amarnath Yatra जम्मू से स्थगित की गई, अनुच्छेद 370 के सात वर्ष पर सुरक्षा बढ़ाई गई

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 05, 2026

जम्मू, पांच अगस्त अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के सात वर्ष पूरे होने के अवसर पर जम्मू कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के बीच बुधवार को यहां आधार शिविर से वार्षिक अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई। हालांकि, प्रशासन ने जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से एक दिन के लिए अमरनाथ यात्रा स्थगित करने का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया, लेकिन आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है। सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह जम्मू के आधार शिविर से श्रद्धालुओं के किसी भी नए जत्थे को अनंतनाग जिले के पहलगाम और गांदरबल जिले के बालटाल स्थित दोनों आधार शिविरों के लिए रवाना नहीं होने दिया गया।

यात्रा स्थगित करने का यह निर्णय ऐसे समय लिया गया है, जब सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस, कांग्रेस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) सहित कई राजनीतिक दल पांच अगस्त को ‘काला दिवस’ के रूप में मना रहे हैं। यह दिवस केंद्र सरकार द्वारा तत्कालीन जम्मू कश्मीर राज्य को अनुच्छेद 370 के तहत प्राप्त विशेष दर्जा पांच अगस्त 2019 को समाप्त करने और राज्य का पुनर्गठन कर उसे दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने के फैसले के सात वर्ष पूरे होने पर मनाया जा रहा है। इन तीनों दलों ने जम्मू और अन्य स्थानों पर अलग-अलग विरोध कार्यक्रमों की घोषणा की थी।

वे जम्मू कश्मीर का विशेष संवैधानिक दर्जा बहाल करने और पूर्ण राज्य का दर्जा लौटाने की मांग कर रहे हैं। देश की सबसे बड़ी वार्षिक धार्मिक यात्राओं में शामिल अमरनाथ यात्रा व्यापक बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई जाती है। सुरक्षा एजेंसियों के आकलन और खुफिया सूचनाओं के आधार पर प्रशासन समय-समय पर यात्रा और काफिलों की आवाजाही की समीक्षा करता रहता है।

इस वर्ष अब तक 4.60 लाख से अधिक श्रद्धालु दक्षिणी हिमालय में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा में दर्शन कर चुके हैं। तीन जुलाई से शुरू हुई यह यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी।

प्रमुख खबरें

Sanitation Workers Protest | जंतर-मंतर पर सफाई कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन: सेप्टिक टैंक से होने वाली मौतों पर फूटा गुस्सा, पुनर्वास कानून लागू करने की मांग

Malaika Arora ने चप्पल पहनकर की नई Thar Roxx की पूजा, रिवीलिंग कपड़ों पर भड़के यूजर्स

Kajol Birthday: 52 की हुईं बॉलीवुड की बबली एक्ट्रेस, जानें बेखुदी से OTT डेब्यू तक का शानदार Cinematic Journey

Iran से संघर्ष के चलते अमेरिका की अत्याधुनिक Missiles लगभग खत्म, खाली मिसाइल भंडार देखकर Trump परेशान