By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 23, 2021
नयी दिल्ली। ई-वाणिज्य कंपनी अमेजन इंडिया और ई-वाहन कंपनी महिंद्रा इलेक्ट्रिक ने मंगलवार को एक साझेदारी की घोषणा की। इसके तहत अमेजन ने देश में अपने डिलिवरी नेटवर्क में महिंद्रा इलेक्ट्रिक के करीब 100 ई-वाहनों को शामिल किया है। दोनों कंपनियों के एक संयुक्त बयान के अनुसार, महिंद्रा के करीब 100 ट्रियो जोर ई-वाहनों को देश के सात शहरों में अमेजन के डिलिवरी नेटवर्क में शामिल किया गया है। ये शहर बेंगलुरू, नयी दिल्ली, हैदराबाद, अहमदाबाद, भोपाल, इंदौर और लखनऊ हैं। इन्हें अमेजन इंडिया के डिलिवरी सेवा साझेदारों के नेटवर्क में शामिल किया गया है। उल्लेखनीय है कि अमेजन ने पर्यावरण को लेकर किये एक आश्वासन के तहत 2030 तक अपने वैश्विक डिलिवरी नेटवर्क में एक लाख ई-वाहनों को शामिल करने की घोषणा की थी।