Prabhasakshi NewsRoom: America ने India को दिया एक और झटका, Chabahar Port पर फिर लगेगा प्रतिबंध, China-Pakistan को होगा बड़ा फायदा

By नीरज कुमार दुबे | Sep 19, 2025

अंतरराष्ट्रीय राजनीति में भू-रणनीति हमेशा स्थिर नहीं रहती। राष्ट्रों के हित, गठजोड़ और नीतियाँ समय-समय पर बदलती रहती हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा ईरान के चाबहार बंदरगाह पर दी गई प्रतिबंध छूट को समाप्त करने का निर्णय इसी बदलाव का हिस्सा है। देखा जाये तो यह कदम केवल ईरान के विरुद्ध “अधिकतम दबाव नीति” का हिस्सा नहीं है, बल्कि भारत की सामरिक और आर्थिक योजनाओं के लिए भी एक गहरी चोट साबित हो सकता है।

इसे भी पढ़ें: झुक गया अमेरिका, भारतीय कृषि और डेयरी बाजारों में पहुँच की माँग छोड़ी! अब कह रहा है- बस हमारा Cheese और Corn खरीद लो

भारत ने अब तक लगभग 25 मिलियन अमेरिकी डॉलर मूल्य के उपकरण, क्रेन और आवश्यक मशीनरी वहाँ उपलब्ध करवाई है। 2018 से भारत की कंपनी इंडिया पोर्ट्स ग्लोबल लिमिटेड (IPGL) इस बंदरगाह का संचालन कर रही है। अब तक 90,000 से अधिक कंटेनर यातायात और 8.4 मिलियन टन से अधिक कार्गो यहाँ से संभाला जा चुका है। कोविड काल में भारत ने इसी मार्ग से अफगानिस्तान को 25 लाख टन गेहूं और 2000 टन दालें भेजीं। इस प्रकार चाबहार केवल व्यापारिक केंद्र नहीं बल्कि भारत की मानवीय सहायता कूटनीति का भी सशक्त माध्यम रहा है।

हम आपको याद दिला दें कि अमेरिका ने 2018 में इस परियोजना को प्रतिबंधों से छूट दी थी ताकि अफगानिस्तान को राहत और विकास कार्यों में मदद मिल सके। किंतु अब ट्रंप प्रशासन ने यह छूट समाप्त कर दी है। 29 सितंबर 2025 से यह छूट हट जाएगी और इस बंदरगाह से जुड़े किसी भी लेन-देन पर Iran Freedom and Counter-Proliferation Act (IFCA) के तहत प्रतिबंध लागू हो सकते हैं। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रमुख उप प्रवक्ता थॉमस पिगॉट ने कहा कि विदेश मंत्री ने 2018 में अफगानिस्तान पुनर्निर्माण और आर्थिक विकास के लिए दी गई प्रतिबंध छूट को वापस ले लिया है। यह प्रतिबंध 29 सितंबर से प्रभावी होंगे। इसके बाद चाबहार बंदरगाह का संचालन करने वाले या संबंधित गतिविधियों में शामिल लोग प्रतिबंधों के दायरे में आ सकते हैं।

अमेरिका के इस निर्णय के भारत पर पड़ने वाले प्रभावों की चर्चा करें तो आपको बता दें कि चाबहार भारत के लिए अफगानिस्तान और मध्य एशिया तक पहुँच का सबसे सुरक्षित और कारगर विकल्प था। पाकिस्तान की असहयोगी नीति के चलते भारत वहाँ सीधी सड़क और रेलमार्ग से नहीं पहुँच सकता। अब यदि प्रतिबंध कड़े होते हैं, तो भारत की कनेक्टिविटी रणनीति को गहरा झटका लगेगा। इसके अलावा, चीन पहले ही पाकिस्तान के ग्वादर बंदरगाह को विकसित कर चुका है और “चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा” (CPEC) के जरिए उसे मध्य एशिया से जोड़ रहा है। यदि भारत चाबहार में पिछड़ता है, तो यह सीधे चीन और पाकिस्तान के लिए भू-रणनीतिक लाभ साबित होगा। साथ ही, पिछले एक दशक में भारत और अमेरिका के रिश्ते रणनीतिक साझेदारी में तब्दील हुए हैं। परंतु चाबहार पर प्रतिबंध का निर्णय यह दिखाता है कि अमेरिका की ईरान नीति भारत के हितों से टकरा सकती है। भारत को अब संतुलन बनाना होगा ताकि अमेरिका और ईरान दोनों से रिश्ते बिगड़ें नहीं।

देखा जाये तो भारत के लिए चाबहार केवल एक बंदरगाह नहीं, बल्कि रणनीतिक विमर्श का केंद्र है। यह “उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारा” (International North-South Transport Corridor) का भी अहम हिस्सा है, जो भारत को रूस और यूरोप तक पहुँचाने की क्षमता रखता है।

भारत के सामने उपलब्ध विकल्पों की चर्चा करें तो आपको बता दें कि भारत को अमेरिका से यह स्पष्ट करना होगा कि चाबहार केवल ईरान का नहीं, बल्कि अफगानिस्तान पुनर्निर्माण और क्षेत्रीय स्थिरता का मुद्दा है। यदि भारत चाबहार से पीछे हटता है, तो अफगानिस्तान एक बार फिर चीन-पाकिस्तान की गिरफ्त में जा सकता है। इसके अलावा, भारत को ऊर्जा सुरक्षा और सामरिक हितों के मद्देनज़र ईरान के साथ अपने रिश्ते और मज़बूत करने होंगे। प्रतिबंधों के बीच भी व्यापारिक और सांस्कृतिक सहयोग को बनाए रखने का रास्ता तलाशना होगा। साथ ही, शंघाई सहयोग संगठन (SCO), ब्रिक्स और यूएन जैसे मंचों पर भारत को यह मुद्दा उठाना चाहिए कि एक सामरिक बंदरगाह पर प्रतिबंध क्षेत्रीय सहयोग की भावना के विपरीत है।

इसमें कोई दो राय नहीं कि अमेरिका का यह निर्णय भारत के लिए एक सामरिक झटका है, लेकिन यह अंत नहीं है। भारत ने पिछले एक दशक में जिस दूरदर्शी दृष्टिकोण से चाबहार परियोजना को आगे बढ़ाया है, उसे आसानी से छोड़ा नहीं जा सकता। यह केवल एक बंदरगाह नहीं, बल्कि भारत की भू-रणनीतिक स्वतंत्रता का प्रतीक है। भारत को अब और दृढ़ नीतिगत फैसले लेने होंगे। यदि चाबहार को प्रतिबंधों की भेंट चढ़ने दिया गया, तो इसका सीधा फायदा चीन और पाकिस्तान को मिलेगा। लेकिन यदि भारत कूटनीति और सामरिक चातुर्य का इस्तेमाल कर इस चुनौती का सामना करता है, तो यह संकट अवसर में भी बदल सकता है। कहा जा सकता है कि चाबहार बंदरगाह केवल ईरान की ज़मीन पर नहीं, बल्कि भारत की सामरिक साख पर भी टिका हुआ है।

प्रमुख खबरें

Rajya Sabha में फिर भड़कीं SP MP Jaya Bachchan, टोका-टोकी पर बोलीं- बच्चे बैठ जाओ

प्रमोद तिवारी का Himanta Sarma पर पलटवार, BJP को Israel में बनानी चाहिए सरकार

Women Health: क्या प्रेग्नेंसी वाला Sugar, Delivery के बाद भी बना रहता है? जानें पूरा सच

Ram Navami पर PM Modi का राष्ट्र के नाम संदेश, प्रभु राम के आशीर्वाद से पूरा होगा Viksit Bharat का संकल्प