हिंसक प्रदर्शन अब शांति प्रदर्शन में बदला! फ्लॉयड की हत्या के विरोध में खड़े सभी अमेरिकी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 03, 2020

वाशिंगटन। अमेरिका में पुलिस हिरासत में अश्वेत व्यक्ति जॉर्ज फ्लॉयड के मारे जाने के बाद भड़के हिंसक प्रदर्शनों के कई दिन बाद सड़कों पर अब अपेक्षाकृत शांति दिख रही है और प्रदर्शन अब मुख्यत: शांतिपूर्ण हो रहे हैं। मिनियापोलिस में 25 मई को एक श्वेत पुलिस अधिकारी द्वारा फ्लॉयड की गर्दन को घुटने से दबाए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद अमेरिका में व्यापक जन-आक्रोश भड़का हुआ है। वीडियो में फ्लॉयड पुलिस अधिकारी से यह कहते दिखता है कि वह सांस नहीं ले पा रहा। पुलिस अधिकारी इसके बावजूद अपना घुटना उसकी गर्दन से नहीं हटाता और धीरे-धीरे फ्लॉयड की सांस थम जाती है और वह हिलना-डुलना बंद कर देता है। न्यूयॉर्क शहर में रातभर लूटपाट होने की खबरें हैं और हिंसक प्रदर्शन शुरू होने के बाद से बुधवार सुबह तक नौ हजार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। लेकिन कई जगह आगजनी और गोलीबारी का सामना करने वाली पिछली कुछ रातों के मुकाबले अब अपेक्षाकृत शांति दिखाई दे रही है। अनेक शहरों में कर्फ्यू और कड़ा किए जाने के बाद शांति आती प्रतीत हो रही है। वाशिंगटन और न्यूयॉर्क जैसे शहरों ने लोगों को दिन में भी सड़कों पर न आने का आदेश दिया है। प्रदर्शनकारी लॉस एंजिलस, मियामी, सेंट पॉल, मिनीसोआ, कोलंबिया, साउथ कैरोलिना और ह्यूस्टन सहित अनेक जगह सड़कों पर उतरे जहां पुलिस प्रमुखों ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे लोगों से बात की। न्यूयॉर्क के डेमोक्रेटिक गवर्नर एंड्रू क्यूमो ने अल्बानी में एक ब्रीफिंग में कहा कि शहर में मंगलवार को जो हुआ, वह ‘‘शर्म’’ की बात है।

इसे भी पढ़ें: जॉर्ज फ्लॉयड की हत्या के बाद सियासी हलचल शुरू, बाइडेन ने ट्रंप पर लगाया ये आरोप

व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर कहा कि राष्ट्रपति सेना भेजने की जल्दबाजी में नहीं हैं और उनका उद्देश्य नेशनल गार्ड की अधिक तैनाती करने के लिए गवर्नरों पर दबाव बनाने का था। इस बीच, मिनीसोटा राज्य ने व्यापक बदलाव की उम्मीद के साथ मिनियापोलिस पुलिस विभाग की मंगलवार को नागरिक अधिकार जांच शुरू कर दी। गवर्नर टिम वाल्ज और मिनीसोटा मानवाधिकार विभाग ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में घटना को लेकर औपचारिक रूप से शिकायत दायर कराने की घोषणा की। वाल्ज और मानवाधिकार आयुक्त रेबेका लुसेरो ने कहा कि उन्हें पुलिस विभाग के नस्ली भेदभाव के इतिहास का समाधान करने के लिए अल्पकालिक तरीके खोजने पर शहर के साथ सहमति बनने और जांच का इस्तेमाल व्यवस्थागत बदलावों के वास्ते दीर्घकालिक समाधान खोजने के लिए होने की उम्मीद है। नागरिक अधिकार जांच लुसेरो के नेतृत्व में होगी। वहीं, मेयर जैकब फ्रे ने कहा, ‘‘मैं आज की घोषणा का स्वागत करता हूं क्योंकि हम सबके मिलकर काम करने के लिए पुलिस की संस्कृति को बदलने और व्यवस्थागत नस्लवाद को दूर करने की जरूरत है।’’ एफबीआई भी इस बारे में जांच कर रही है कि क्या पुलिस ने जानबूझकर फ्लॉयड को उसके नागरिक अधिकारों से वंचित किया। मिनियापोलिस पुलिस विभाग पर बर्बरता करने और काले अमेरिकियों तथा अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ, यहां तक कि खुद विभाग के भीतर भी नस्लवाद के आरोप दशकों से लगते रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Team India के मुख्य कोच पर Gary Kirsten का बड़ा बयान, कहा- Gautam Gambhir के नतीजे उनकी क्षमता का सबूत हैं

Galle Test: टीम इंडिया के सामने Playing 11 की पहेली, 3 स्पिनर या पेसर्स पर कोच Morne Morkel का बड़ा बयान

Tata Sons में बड़े बदलाव की आहट: Noel Tata के नेतृत्व में नए चेयरमैन की तलाश, Chandrasekaran ने छोड़ी कुर्सी

Oracle Job Cut: एआई में अरबों के निवेश के बीच ओरेकल में छंटनी की तैयारी, Double-Digit प्रतिशत तक कम होंगे कर्मचारी