By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026
कांग्रेस विधायक अमित देशमुख ने महाराष्ट्र के लातूर में जलापूर्ति नेटवर्क के व्यापक ऑडिट और शहर को पेयजल संकट से निपटने में आत्मनिर्भर बनाने के लिए दीर्घकालिक संरक्षण उपायों का आह्वान किया है। लातूर में शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ने नगर निगम से भविष्य में पानी की किल्लत को रोकने के लिए फ्लो मीटर लगाने, रिसाव पर अंकुश लगाने और सिंगापुर की नीवॉटर पहल की तर्ज पर अपशिष्ट जल के पुनर्चक्रण की संभावनाएं तलाशने का आग्रह किया। देशमुख ने कहा कि शहर को अपना जल प्रबंधन प्रणाली मजबूत करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि अगामी महीनों में पेयजल की कमी के कारण निवासियों को कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
लातूर के सभी 10 तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित कर दिया गया है। राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने इस सप्ताह की शुरुआत में जिले का दौरा कर स्थिति का जायजा लेने के साथ-साथ इस संकट से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने कुछ प्रभावित गांवों का भी दौरा किया।
देशमुख ने कहा, पानी की कमी और सूखे जैसे हालात वास्तविक हैं। सरकार ने सूखे की घोषणा कर दी है। नगर निगम को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
निर्वाचित प्रतिनिधियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि पानी बर्बाद न हो। उन्होंने जल आपूर्ति व्यवस्था का व्यापक ऑडिट कराने की मांग की। इसमें बांधों से पानी निकालने से लेकर पाइपलाइनों के माध्यम से भंडारण टैंकों तक पहुंचाने और फिर घरों में इसकी आपूर्ति करने तक की पूरी प्रक्रिया शामिल होनी चाहिए।
उन्होंने जल आपूर्ति की निगरानी और पानी की बर्बादी का पता लगाने के लिए फ्लो मीटर लगाने का भी सुझाव दिया। विधायक देशमुख ने घरों तक पीला और मटमैला पानी पहुंचने संबंधी शिकायतों पर भी चिंता जताई। जल पुनर्चक्रण के लिए सिंगापुर के ‘न्यूवॉटर’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए देशमुख ने कहा कि लातूर में भी अपशिष्ट जल को शोधित कर पीने योग्य बनाने की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं।
इससे नगर निगम को जरूरत के अनुसार वितरण के लिए पैकेटबंद पेयजल तैयार करने में मदद मिल सकती है।