Kolkata भगदड़ के बाद Amit Shah ने रद्द किए दुर्गा पूजा कार्यक्रम, अस्पताल जाकर घायलों से मिलेंगे

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 18, 2026

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तरी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में घायल हुए लोगों से रविवार को मुलाकात करेंगे। शाह ने इस हादसे के बाद पश्चिम बंगाल में अपने निर्धारित दुर्गा पूजा कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। उत्तरी कोलकाता में शनिवार शाम बारिश के बीच दुर्गा पूजा पंडाल में अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ मच गई थी, जिसमें कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए।

हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि शाह उनसे मिलने भी जाएंगे या नहीं। शाह ने शनिवार को कोलकाता पहुंचने के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा था, ‘‘मुझे अभी-अभी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की अत्यंत हृदयविदारक खबर मिली है। मैंने इस संबंध में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से बात की है।

मैं इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और उनके परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।’’ उन्होंने कहा था, ‘‘प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मैं पश्चिम बंगाल में कल के अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर घायलों से मिलने अस्पताल जाऊंगा। मैं मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’ शाह के पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार, उन्हें रविवार सुबह बेलूर मठ स्थित रामकृष्ण मिशन के मुख्यालय जाना था और इसके बाद दिन में हावड़ा और कोलकाता में कई सामुदायिक दुर्गा पूजा आयोजनों में शामिल होना था।

उन्हें उत्तरी कोलकाता के शोभाबाजार राजबाड़ी में दुर्गा पूजा में भी शामिल होना था। शोभाबाजार राजबाड़ी में 250 से अधिक वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। राजबाड़ी एक शाही महल है, जहां राजा नवकृष्ण देब के वंशज रहते हैं।

शाह का दोपहर में दिल्ली लौटने का कार्यक्रम था। शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा था कि इस हादसे के मद्देनजर शाह ने दुर्गा पूजा पंडालों में जाने के अपने कार्यक्रम रद्द करने का फैसला किया है और वह अस्पताल में घायलों से मिलने के बाद राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना होंगे।

प्रमुख खबरें

Muzaffarnagar POCSO Court ने छह साल की बच्ची से दुष्कर्म के दोषी को सुनाई उम्रकैद

Delhi Police के इतिहास में 18 अक्टूबर खास, 1861 में दर्ज हुई थी पहली FIR

Milan में युद्ध और महंगाई विरोधी मार्च में हिंसा, 50 उपद्रवी हिरासत में

Donald Trump प्रतिबंधों के असर की समीक्षा के लिए चाहते हैं 60 दिन, Marco Rubio ने दी जानकारी