By अभिनय आकाश | May 14, 2024
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दावा किया कि चार चरणों के चुनाव के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोकसभा में पूर्ण बहुमत मिल चुका है। पश्चिम बंगाल के बनगांव में रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि लोकसभा चुनाव के चार चरणों का मतदान पूरा हो चुका है, 380 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है। बंगाल में 18 सीटों पर वोटिंग खत्म हो गई है। मैं आपको बता दूं कि 380 सीटों में से पीएम मोदी को पहले ही 270 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत मिल चुका है। शाह मटुआ समुदाय के गढ़ में बोल रहे थे जहां उन्होंने सीएए के तहत उनके सदस्यों को नागरिकता का आश्वासन दिया और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर इसके बारे में अफवाह फैलाने का आरोप लगाया।
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में कुल 96 सीटों पर मतदान हुआ, जिसके साथ 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 379 सीटों पर मतदान पूरा हो गया। पश्चिम बंगाल निचले सदन में 42 सदस्यों को भेजता है और लोकसभा चुनाव के चार चरणों में 18 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हुआ है।