By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 05, 2020
बांकुड़ा। पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के चतुरडिही गांव में गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी के एक आदिवासी कार्यकर्ता के घर भोजन किया। अमित शाह के लिये केले के पत्ते पर भोजन परोसा गया। यह बंगाली और शाकाकारी खाना था। शाह ने भाजपा कार्यकर्ता बिभीषण हंसदा के घर पर जमीन पर बैठ कर भोजन किया। इस दौरान उन्हें चावल, रोटी, दाल, पापड़, ‘पटोल भाजा’ (परवल का भुजिया) ‘शुक्तो’ (तीखी और रसदार मिक्स सब्जी) ‘आलू पोस्तो’ (पोस्ता दाना और आलू की सब्जी) परोसी गयी। खाने में मिठाईयां भी थीं लेकिन भाजपा नेता ने उन्हें लेने से मना कर दिया। मिठाईयों में रसगुल्ला, संदेश और मिष्टी दोई शामिल थी।